Lockdown in Gorakhpur : दवा मंडी सैनिटाइज, मोहल्लों में छिड़काव तेज Gorakhpur News
सोडियम हाइपो क्लोराइट के घोल से मार्केट की एक-एक दुकान के सामने छिड़काव कराया गया। सुबह से ही नगर निगम की अलग-अलग टीमों ने मोहल्लों में डोर टू डोर सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम ने शहर की थोक दवा मंडी भालोटिया मार्केट को सैनिटाइज किया। सोडियम हाइपो क्लोराइट के घोल से मार्केट की एक-एक दुकान के सामने छिड़काव कराया गया। साथ ही दुकानदारों को शटर का हैंडिल, कम्प्यूटर की बोर्ड, माउस आदि बार-बार सैनिटाइज करने को कहा गया।
शहर के इन इलाकों में भी हुआ सैनिटाइजेशन
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि सुबह से ही नगर निगम की अलग-अलग टीमों ने पुर्दिलपुर, महेवा, अलहदादपुर आदि इलाकों में डोर टू डोर सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय उपाध्याय और महामंत्री दिलीप सिंह ने बताया कि मंडी में छिड़काव के लिए नगर निगम प्रशासन को पत्र लिखा गया था। उन्होंने नगर निगम का आभार जताया। दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेंद्र नाथ दुबे ने कहा कि दवा मंडी में सैनिटाइजेशन के लिए नगर आयुक्त से बात की गई थी। कहा कि मंडी की सफाई भी कराई गई।
मेडिकल कॉलेज में अभियान जारी
नगर निगम का छिड़काव अभियान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रविवार को भी जारी रहा। कोरोना संक्रमित की मौत की रिपोर्ट आने के बाद से ही नगर निगम प्रशासन मेडिकल कॉलेज परिसर को हर छह घंटे के बाद सैनिटाइज करा रहा है।
सड़क पर भी छिड़काव
नगर निगम की टीम जिन इलाकों को सैनिटाइज करा रही है वहां की सड़कों पर भी छिड़काव किया जा रहा है। पीडि़त व्यक्ति के थूक से भी कोरोना फैलने की आशंका को देखते हुए सड़कों पर भी छिड़काव कराया जा रहा है।
पोकलेन से बड़े नाले की हो रही सफाई
शहर में सफाई और सैनिटाइजेशन के साथ ही नगर निगम प्रशासन ने नालों की सफाई भी शुरू करा दी है। बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। शहर में 11 बड़े नाले और सैकड़ों छोटे नाले हैं। जून महीने में बारिश की शुरुआत हो जाती है। शहर का पानी नाले और नालियों से होते हुए राप्ती नदी व रामगढ़ताल में जाता है। सिल्ट से भरे नालों के कारण शहर में जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने लॉकडाउन में ही बड़े नालों को साफ कराने का निर्णय लिया है।
आसानी से जल्द हो जाएगी सफाई
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने कहा कि इस समय नालों की सही तरीके से सफाई हो जाएगी। नालों से निकलने वाला सिल्ट भी तत्काल हटा दिया जाएगा। फिलहाल बुद्ध विहार गेट, ट्रांसपोर्टनगर और रुस्तमपुर के नालों की सफाई करा दी गई है। नाला गैंग सुबह से शाम तक पोकलेन मशीनों के साथ सफाई में जुटा है।