गोरखपुर में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, दोनों की मौत
गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे में दंपती की मौत।
HighLights
गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने दंपती को कुचला।
हादसे में पति राजकुमार यादव और पत्नी रम्भा देवी की मौत।
पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी, परिवार में कोहराम।
संवाद सूत्र, पीपीगंज। गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर रविवार अपराह्न तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को ठोकर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, गंभीर रूप से घायल पत्नी ने जंगल कौड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक कैंपियरगंज की ओर फरार हो गया। पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी है।
यह हादसा पीपीगंज थाना क्षेत्र में वन विभाग की चौकी के पास हुआ। मखनहा गांव के टोला रबेलिया निवासी 40 वर्षीय राजकुमार यादव उर्फ राजू अपनी पत्नी 35 वर्षीय रम्भा देवी के साथ बाइक से कैंपियरगंज क्षेत्र के इंदरपुर जा रहे थे। उनका 12 वर्षीय बेटा आदर्श तबीयत खराब होने के कारण मामा के साथ दूसरी बाइक से आगे निकल गया था।
दंपती पीछे से बाइक लेकर जा रहे थे। पीपीगंज बाईपास मार्ग पर वन विभाग चौकी के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए दोनों को रौंद दिया। सूचना पर पीपीगंज पुलिस और क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजकुमार यादव फर्नीचर मिस्त्री थे।
उनके परिवार में 12 वर्षीय बेटा आदर्श तथा आठ वर्षीय बेटी आस्था और छह वर्षीय बेटी रिया हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने रम्भा देवी के पास मिले जेवर परिवार को सौंप दिए। सीओ ने बताया कि पीपीगंज पुलिस ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है।
