महंगाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता Gorakhpur News
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यूपी में कानून व्यवस्था महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसी समस्याओं को मुद्दा बनाकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। यूपी में कानून व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसी समस्याओं को मुद्दा बनाकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना देकर सपा कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों से जनता को अवगत कराएंगे। धरने की सफलता को लेकर सपाइयों ने जनसपंर्क किया।
अखिलेश यादव ने दिया है निर्देश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक अक्टूबर को सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना देने का एलान किया था। शांतिपूर्ण धरने के दौरान सपा नेता प्रदेश में फैली बेरोजगारी, बिगड़ी कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और महंगाई को मुद्दा बनाएंगे। धरने की सफलता के लिए सभी निवर्तमान पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यकर्ताओं ने किया जनसंपर्क
जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र तिवारी राजू ने बताया कि धरने की सफलता के लिए जिला और महानगर की निवर्तमान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जगह-जगह जनसंपर्क किया। उधर, महानगर समाजवादी पार्टी के पूर्व सचिव आफताब आलम ने भी कार्यकर्ताओं के साथ शास्त्री चौक, बेतियाहाता आदि इलाकों में राहगीरों को गुलाब का फूल देकर सपा के धरने को सफल बनाने का आह्वान किया।