विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा, बूथ कमेटियों के गठन पर जोर Gorakhpur News
समाजवादी पार्टी गोरखपुर की जिला इकाई यूपी विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पार्टी के युवा संगठनों के अध्यक्षों व प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने तथा संचालन जिला महासचिव अखिलेश यादव ने किया। जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों की संख्या को सेक्टरों में विभाजित कर सूची तैयार हो गयीं है। जिले की 7 विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर प्रभारीयों का चयन हो गया है। अब सभी विधानसभा अध्यक्ष, क्षेत्र के पार्टी के पूर्व विधायक, विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामित प्रभारी, उपाध्यक्ष तथा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता जिनको आवश्यक समझा जाय उनके परामर्श एवं सहमति से सभी विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथ कमेटियां तैयार करा ली जाए।
जिलाध्यक्ष ने कहा है कि प्रदेश में अपराध, अराजकता और आतंक का राज है। भाजपा राज में बच्चियों और महिलाओं का उत्पीड़न चरम पर है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से सभी धर्मों वर्गो के लोग परेशान हैं। नागरिकों, बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा करने में सरकार पूरी तरह अक्षम है। जनता 2022 में भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठीं है। इस दौरान प्रमुख रूप से शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेंद्र मौर्य, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राहुल यादव, अनुसूचित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रणजीत पासवान, अधिवक्ता सभा के जिला अध्यक्ष कमल किशोर यादव एडवोकेट, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अमर अग्रहरि व उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, उपाध्याय दूधनाथ मौर्या, जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, मैना भाई आदि उपस्थित रहे।
राघवेन्द्र तिवारी जिला मीडिया प्रभारी मनोनीत
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने राघवेंद्र तिवारी उर्फ राजू सदस्य जिला कार्यकारिणी को जिला समाजवादी पार्टी का मीडिया प्रभारी मनोनीत किया है।
राघवेंद्र तिवारी उर्फ राजू समाजवादी पार्टी में जनवरी 2014 से जनवरी 2016 तक दो साल महानगर मीडिया प्रभारी का दायित्व निभाने के बाद जनवरी 2016 से लगातार जिला मीडिया प्रभारी का दायित्व निभाते आ रहे हैं। पुनः जिला मीडिया प्रभारी मनोनीत होने पर पार्टी नेताओं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।