बलिदानी पुलिसकर्मियों को किया नमन, दी श्रद्धांजलि
एसएसबी के महानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक ने अर्पित किया श्रद्धासुमन
महराजगंज,जेएनएन: बुधवार का पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन महराजगंज एवं एसएसबी 66वीं वाहिनी सीमा चौकी चंडीथान नौतनवा में कार्यक्रम आयोजित कर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर आयोजित पुलिस स्मृति दिवस पर बलिदानी पुलिस कर्मियों को नमन किया गया। शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर प्रदेश के नौ पुलिस कर्मियों समेत देश के 264 बलिदानियों को सलामी दी गई।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने शोक संदेश पढ़ने के बाद कहा कि प्रदेश के नौ पुलिस कर्मियों ने कर्तव्य पालन में आत्म बलिदान देकर प्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया। प्राणों की आहुति देकर कानून-व्यवस्था की हिफाजत करने वाले पुलिस कर्मियों पर हम सभी को गर्व है। समाज व देश हित में सभी पुलिस कर्मियों को आगे भी कार्य करते रहना होगा। पुलिस अधीक्षक ने बलिदानी जवानों के अदम्य साहस व कर्तव्य परायणता का वर्णन कर सभी पुलिस कर्मियों को कर्तव्य पालन के लिए प्रेरित किया। अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार, सीओ सदर राजू कुमार साव, सीओ निचलौल देवेंद्र कुमार, सीओ नौतनवा अजय सिंह चौहान व सीओ अशोक मिश्र समेत सभी थानाध्यक्ष, प्रभारी निरीक्षकों व पुलिस कर्मियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार एसएसबी 66वीं वाहिनी के सीमा चौकी चंडीथान पर आयोजित कार्यक्रम में एसएसबी महानिरीक्षक मंजीत सिंह पड्डा ने बलिदानियों के सम्मान में पुष्प अर्पित किया। उन्होंने कहा कि जवानों का बलिदान प्रेरणादाई है। 21 अक्टूबर 1959 आजाद भारत के इतिहास का वह दिन है, जब लद्दाख की सीमा पर चीन की सेना ने भारतीय पुलिस के 21 जवानों पर घात लगाकर हमला कर दिया था। जिनमें 10 पुलिसकर्मी देश की हिफाजत के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। चीनी सेना ने 11 पुलिस कर्मियों को बंदी बना लिया था। इसी शहादत को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। एसएसबी द्वितीय वाहिनी के कमांडेंट बरजीत सिंह, सहायक कमांडेंट मनमीत सिंह आ•ाद आदि मौजूद रहे।