गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री-हमें स्वयं सेवकों की तरह काम करने की जरूरत
गोरखपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक के गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। कहा कि हमें स्वयं सेवकों की तरह काम करना चाहिए।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को भारत के गौरवशाली अतीत से परिचित कराना होगा, जिससे वे प्रेरणा प्राप्त कर सकें और भव्य भारत का निर्माण कर देश को सकारात्मक दिशा में ले जा सकें। सभी को इस बात की अनुभूति करानी होगी कि हम ऋषि-मुनियों की श्रेष्ठ परंपरा के हैं।
मुख्यमंत्री सरस्वती विद्या मंदिर आर्यनगर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के श्रीगुरुदक्षिणा कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरएसएस बिना सरकार के सहयोग से पूरे राष्ट्र की सेवा, सुरक्षा व उज्ज्वल भविष्य के लिए निरपेक्ष भाव से कार्य कर रहा है। इस प्रकार के भाव हमारे अंदर तभी उत्पन्न होते हैं, जब हम निज स्वार्थ को तिलांजलि देते हैं। समाज में भेदभाव से होने वाले नुकसान को उन्होंने उदाहरण के जरिये समझाया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु ने अपने बगीचे में दो पौधे रोपे थे। दोनों को नियमित रूप से बराबर खुराक देते थे लेकिन एक पौधे के पास जाकर उसकी प्रशंसा करते थे जबकि दूसरे को दुत्कारते थे। प्रशंसा प्राप्त पौधा वृद्धि कर गया जबकि दूसरा पौध ठूंठ हो गया। इसी प्रकार मनुष्य-मनुष्य के बीच भेदभाव स्थापित करने से समाज में विघटन पैदा करने वाले लोग सफल हो जाएंगे। आज राजनीति का केंद्र बिंदु हिदू है। हर क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन दिखाई पड़ रहा है। 1925 से जो साधना शुरू हुई थी, यह उसके शीर्ष पर पहुंचने की ही परिणति है। क्षेत्र व भाषा के बंधनों को तोड़कर यह आगे बढ़ रहा है। इसके लिए लाखों स्वयं सेवकों ने प्रयास किया है। भगवा ध्वज भारत का आदि प्रतीक है, जिसकी पूजा आज हम कर रहे हैं। इस मौके पर प्रांत संघचालक डॉ.पृथ्वी राज सिंह, विभाग संघचालक डॉ.महेंद्र अग्रवाल उपस्थित थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप