ग्रीन सिटी कालोनी को डूबने से बचाने को खर्च होंगे 33 करोड़ रुपये, जीडीए के प्रस्ताव को शासन ने किया मंजूर
Gorakhpur Green City Colony गोरखपुर की ग्रीन सिटी कालोनी से जल निकासी की समस्या को समाप्त करने के लिए 33 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल गई है। शीघ्र ही कार्य शुरू होगा।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पिछले साल कई दिनों तक जल जमाव से परेशान रहे ग्रीन सिटी कालोनी फेज 2 के लोगों को इस बार राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 32.85 करोड़ रुपये खर्च कर इस कालोनी में करीब 10 किलोमीटर लंबी आंतरिक नालियां बनाई जाएंगी। दो बड़े नालों में सुधार किया जाएगा और एक पंपिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। इस कार्ययोजना के पूरा होने के बाद ग्रीन सिटी कालोनी जलजमाव से मुक्त हो जाएगी। इस प्रस्ताव को शासन से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही बजट भी जारी हो जाएगा। काम पूरा होने के बाद ग्रीन सिटी के साथ ही रसूलपुर एवं सूरजकुंड कालोनी के कुछ हिस्से को भी जलजमाव से मुक्ति मिलेगी।
दो बड़े नालों में किया जाएगा सुधार, एक पंपिंग स्टेशन भी बनेगा
पिछली बरसात में ग्रीन सिटी कालोनी के लोगों को कई दिनों तक जलजमाव के बीच रहना पड़ा था। रोहिन नदी के बांध के पास बसी इस कालोनी में धीरे-धीरे गंदा पानी जमा हो गया था। प्रशासन की ओर से काफी प्रयास के बाद भी लोगों को जल्द इससे राहत नहीं मिल पाई थी। बरसात के बाद गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने जल निकासी के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्णय लिया। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। प्रस्ताव बनाने के लिए जियोनो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से सर्वे कराया गया था।
यह कार्य भी होंगे
प्रस्ताव के मुताबिक बनाई जाने वाली आंतरिक नालियों का पानी सुभाष चंद्र बोस नाला एवं स्टेपिंग स्टोन नाला में डिस्चार्ज किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो किलोमीटर से अधिक लंबाई में सुभाष चंद्र बोस नाला एवं स्टेपिंग स्टोन नाला को सुधारा जाएगा। इसके साथ ही एक पंपिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा, जिससे पानी नदी की ओर फेंका जा सके। आंतरिक नालियों के साथ कालोनी में आरसीसी सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे कालोनी की सुंदरता भी बढ़ेगी।
ग्रीन सिटी कालोनी को जल जमाव से मुक्त बनाने के लिए करीब 32.85 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। इसे सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। जल्द ही बजट भी जारी हो जाएगा। इस प्रस्ताव के अनुसार काम पूरा होने के बाद ग्रीन सिटी के साथ आसपास की कालोनियों को भी कुछ लाभ होगा। - प्रेमरंजन सिंह, उपाध्यक्ष जीडीए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।