रक्षा बंधन पर छुट्टियां निरस्त, रोजाना चलेंगी रोडवेज की 31 स्पेशल बसें
रक्षा बंधन पर रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। इसके बदले उन्हें प्रोत्साहन राशि मिलेगी। बसें उस दिन भी चेलेंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। रक्षा बंधन पर यात्रियों की सहूलियत के लिए गोरखपुर परिक्षेत्र से विभिन्न रूटों पर डिपोवार रोजाना 31 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। बसें 18 अगस्त तक चलाई जाएंगी। बसों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए परिवहन निगम प्रशासन ने समस्त चालकों, परिचालकों और संबंधित कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी है। इसके बदले उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ताकि उन्हें किसी तरह का नुकसान न होने पाए।
क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह के अनुसार गोरखपुर-दिल्ली रूट पर सात अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, जिसमें गोरखपुर डिपो से दो, राप्तीनगर डिपो से एक, देवरिया डिपो से एक, बस्ती डिपो से दो और सोनौली डिपो से एक बस चलाई जाएंगी। गोरखपुर-लखनऊ रूट पर सर्वाधिक 14, गोरखपुर-कानपुर रूट पर तीन, गोरखपुर-वाराणसी रूट पर पांच और गोरखपुर-प्रयागराज रूट पर दो बसें चलाई जाएंगी। बसों की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। संचलन भी शुरू हो गया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश कुमार के अनुसार स्थानीय मार्गो पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर रूट पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। छुट्टी के दौरान अतिरिक्त कार्य करने वाले चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। बसों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
बसों में मुफ्त यात्रा करेंगी बहनें
भाई की कलाई पर राखी बांधने घर से निकलने वाली बहनों के लिए परिवहन निगम ने इस वर्ष भी सहूलियत प्रदान की है। रक्षा बंधन पर्व पर 15 अगस्त को बहनें 24 घंटे रोडवेज की किसी भी श्रेणी की बस में कहीं के लिए मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान परिचालक महिलाओं के लिए टिकट तो जारी करेंगे, लेकिन किराया नहीं लेंगे।