छवि को और बेहतर बनाएं रोडवेजकर्मी
परिवहन निगम स्वच्छता अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ चर्चा हुई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : परिवहन निगम स्वच्छता अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ ही अपनी छवि को और बेहतर बनाने व यात्रियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्राविधिक) व नोडल अधिकारी जयदीप वर्मा ने शुक्रवार को कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
कर्मचारी संगठनों के क्षेत्रीय अध्यक्ष और मंत्री के साथ बैठक में नोडल अधिकारी ने कहा कि स्टेशनों का कायाकल्प शुरू है। नौसढ़ के अलावा कचहरी बस डिपो में निर्माण चल रहा है। नौसढ़ टर्मिनल का कार्य अंतिम चरण में है। साथ ही बशारतपुर में क्षेत्रीय और डिपो कार्यशाला का निर्माण शुरू हो चुका है। गोरखपुर बस डिपो को भी मॉडल के रूप में विकसित किया जाना है। यात्रियों को बेहतर सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश के बस बेड़े में दिसंबर से जनवरी तक पिंक और आधुनिक एसी के अलावा पर्याप्त संख्या में सामान्य बसें भी शामिल कर ली जाएंगी। इसके साथ ही कर्मचारी संगठन भी यात्रियों की संख्या और आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बैठक में मौजूद रोडवेज इंपलाइज यूनियन, रोडवेज परिषद और कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने अहम सुझाव दिए। इस पर अमल करने के लिए नोडल अधिकारी ने आश्वासन दिया। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह, सेवा प्रबंधक संतोष कुमार के अलावा दिनेश मणि मिश्र, राजेश पांडेय, रमेश तिवारी, दुर्गा प्रसाद यादव, महेश यादव और जय प्रकाश दूबे आदि पदाधिकारी मौजूद थे।
---
कर्मचारी संगठनों के सुझाव
- सोनौली और गोरखपुर में डग्गामारी पर अंकुश लगाया जाय।
- सोनौली में बार्डर एलाउंस का भी प्रावधान किया जाय।
- छोटे ग्रुप में कर्मचारियों के लिए कार्यशालाएं आयोजित हों।
- बसों को निर्धारित समय सीमा में संचालित किया जाय।
- आय घटने पर बसों की निगरानी बढ़ाई जाय।
- नियमित रूप से बसों की सफाई और मरम्मत की कराई जाय।
- बसों में मानक के अनुसार स्पेयर पार्ट्स का उपयोग हो।