महानगर में जारी रहेगा आटो के नए पंजीकरण पर रोक
गोरखपुर : महानगर में हरे रंग के एक भी नए आटो के पंजीकरण नहीं होंगे। बिना परमिट के
गोरखपुर : महानगर में हरे रंग के एक भी नए आटो के पंजीकरण नहीं होंगे। बिना परमिट के एक भी वाहन नहीं चलेंगे। पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
यह अहम निर्णय शुक्रवार को मंडलायुक्त अनिल कुमार की अध्यक्षता में संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक में लिया गया। आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में महानगर में यातायात व्यवस्था को लेकर अन्य कई फैसले भी लिए गए। मंडलायुक्त ने महानगर में सिटी बसें चलाने के लिए विचार करने पर बल दिया। साथ ही स्कूल वाहनों को नियमित जांच करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक भी स्कूल वाहन अनफिट नहीं होने चाहिए। बैठक में ओवरलोड वाहनों पर भी चर्चा हुई। जुर्माना नहीं देने पर 17 ओवरलोड वाहनों का परमिट निरस्त कर दिया गया।
मंडलायुक्त ने महानगर में यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नए आटो के एक भी नए पंजीकरण न किए जाएं। बिना परमिट के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभाग पंजीकरण समाप्त होने के बाद उसके स्थान पर नया पंजीकरण कर सकता है, लेकिन पहले से निर्धारित आटो की संख्या नहीं बढ़नी चाहिए। मंडलायुक्त ने वाहन डीलरों पर भी निगरानी बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से 10 दिन के अंदर 31 मार्च तक की बिक्री और पंजीकरण की रिपोर्ट मांगी है। बैठक में जिलाधिकारी के विजयेंद्र पाण्डियन, संभागीय परिहवन अधिकारी डीडी मिश्र, सहायक संभागीय परिहवन अधिकारी संदीप कुमार जायसवाल आदि मौजूद थे।
---
जाम और प्रदूषण के चलते
बंद है नया पंजीकरण
महानगर में वर्तमान में हरे रंग के 5985 सीएनजी आटो चल रहे हैं। जाम और प्रदूषण को देखते हुए परिवहन विभाग ने महानगर के लिए जून 2017 से ही आटो के नए पंजीकरण पर रोक लगाई है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंजीकरण जारी है।