रेलवे यात्रियों को राहत : अब ट्रेन में मास्क, सैनिटाइजर, टूथपेस्ट और ब्रश भी मिलेगा
अब यात्रा के दौरान ट्रेनों में चाय-नाश्ता और पैक्ड भोजन के अलावा जरूरी सामान मास्क सैनिटाइजर टूथपेस्ट ब्रश पेपरशाप आदि भी उचित कीमत पर मिल जाएंगे। यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ रूट पर यह सुविधा शुरू कर दी है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता : रेल यात्रियाें के लिए राहत भरी खबर है। अब यात्रा के दौरान ट्रेनों में चाय-नाश्ता और पैक्ड भोजन के अलावा जरूरी सामान मास्क, सैनिटाइजर, टूथपेस्ट, ब्रश, पेपरशाप आदि भी उचित कीमत पर मिल जाएगा। यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ रूट पर यह सुविधा शुरू कर दी है। जल्द ही वाराणसी और इज्जतनगर मंडल में चलने वाली ट्रेनों में भी यही सुविधा मिलने लगेगी।
लखनऊ मंडल प्रशासन ने एजेंसियों को किया नामित
नई व्यवस्था के तहत लखनऊ मंडल प्रशासन ने अलग से एजेंसियों को नामित किया है। एजेंसी के वेंडरों को लाइसेंस जारी किए गए गए हैं। लाइसेंस धारक वेंडर ही जरूरी सामान बेचने के लिए अधिकृत होंगे। इस व्यवस्था से आम यात्रियों को राहत तो मिलेगी ही रेलवे की कमाई भी बढ़ जाएगी। साथ ही अनधिकृत वेंडिंग पर रोक लगेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए भी पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। गोरखपुर के अलावा छपरा, लखनऊ और बनारस में शान से 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लहरा रहा है। इसके अलावा 24 जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशनों पर भी तिरंगा झंडा फहराने की तैयारी चल रही है।
75 प्रमुख स्टेशनों पर फहराएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर भारतीय रेलवे के 75 प्रमुख स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा फहराया जाना है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी के मार्ग दर्शन में यात्री सुविधाओं को और उन्नत किया जा रहा है। 34 ट्रेनों में लिंकहाफमैन बुश (एलएचबी) कोच लगाए जा रहे हैं। इतनी ही ट्रेनों में हेड आन जेनरेशन (एचओजी) सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
पीसीपीओ बनी नेशनल हैंडलूम डेवलेपमेंट कार्पोरेशन की प्रबंध निदेशक
पूर्वोत्तर रेलवे की प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ) रीता पी हेमराजानी का चयन नेशनल हैंडलूम डेवलपमेंट कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक के पद पर हुआ है। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने दी है।