Lockdown in Gorakhpur: भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा, भूखा न रहने पाए कोई भी व्यक्ति Gorakhpur News
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह यह सुनिश्चित करें कि लॉकडाउन में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहने पाए।
गोरखपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र की बैठक भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के मंत्री प्रदीप शुक्ला के आवास पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जनपदों में जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री व अन्य सेवा कार्यों की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि अपने-अपने क्षेत्र में कुछ ऐसे जरूरतमंद मजदूरों तथा फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें खाद्य सामग्री सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पहुंचाएं जिसे कोई व्यक्ति भूखा ना रहे।
जनमानस को जागरूक करें भाजपा कार्यकर्ता
क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से इस बात की भी समीक्षा करते हुए कहा कि गांव में जो गेहूं क्रय केंद्र, बैंक तथा राशन की दुकानों पर अपने अपने कुछ कार्यकर्ताओं को लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जनमानस में जागरूकता का कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह संकट का समय है, ऐसे समय में हमारा दायित्व बढ़ जाता है। हमारा दायित्व है कि हम यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहने पाए। लॉकडाउन के कारण लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने की हर संभव कोशिश हो। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाए।
दूरभाष पर ही करें समीक्षा
क्षेत्रीय अध्यक्षने बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, सेक्टर प्रभारी, मंडल कार्यसमिति, जिला कार्यसमिति के संदर्भ में गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जनपदों के जिला अध्यक्षों से दूरभाष द्वारा वार्ता की तथा उन्हें निर्देश दिया की वह अपने अपने पदाधिकारियों से मंडल वार दूरभाष द्वारा ही समीक्षा करें तथा जो भी संगठन के अधूरे कार्य हैं उन्हें दूरभाष के माध्यम से नीचे तक बातचीत कर पूर्ण कराएं। संगठनात्मक कार्यों को सोशल डिस्टेंसिंग के तहत दूरभाष पर ही समीक्षा कर पूर्ण कराए जाएं। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र सिन्हा, क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप शुक्ला, क्षेत्रीय मंत्री विश्वजीतांसु सिंह आशु उपस्थित थे।