निषाद पार्टी की दुष्कर्म पीडि़त महिला नेता का बयान दर्ज Gorakhpur News
महारुद्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन कश्यप के साथ निषाद पार्टी की पूर्व पदाधिकारी एवं दुष्कर्म पीडि़ता पुलिस कार्यालय पहुंची और बयान दर्ज कराया।
गोरखपुर, जेएनएन। निषाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रवण निषाद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पार्टी की पूर्व महिला पदाधिकारी ने शुक्रवार को सीओ गोरखनाथ कार्यालय में अपना बयान दर्ज करा दिया।
इनके साथ पहुंची पुलिस कार्यालय
महारुद्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन कश्यप के साथ निषाद पार्टी की पूर्व पदाधिकारी एवं दुष्कर्म पीडि़ता पुलिस कार्यालय पहुंची। एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने जांच अधिकारी सीओ गोरखनाथ के सामने बयान दर्ज कराने के लिए कहा। उसके बाद पीडि़त सीओ गोरखनाथ के कार्यालय पहुंचीं, जहां महिला थाना प्रभारी अर्चना सिंह ने बयान दर्ज किया। केंद्रीय कार्यालय में हुई थी घटना
पीडि़त महिला ने महिला थानेदार को बताया कि पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में उसके साथ घटना हुई, जिसकी सूचना उसने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी थी। बयान में महिला नेता ने तहरीर में लिखी गई बात को दोहराया। बयान दर्ज कराने के बाद देर शाम पीडि़त महिला मध्य प्रदेश रवाना हो गई।
सामने नहीं आया आरोपित
पुलिस ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद और उनके पुत्र को भी अपना पक्ष रखने के लिए कहा है लेकिन देर शाम तक वह सामने नहीं आए। इस संबंध में एसएसपी डा.सुनील गुप्ता का कहना है कि पीडि़त मिलने आई थीं। उन्हें मामले की जांच कर रहे सीओ गोरखनाथ के समक्ष बयान दर्ज कराने को भेजा गया है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।