अब और सुंदर दिखेगा रामगढ़ ताल, एनडीआरएफ ने शुरू किया अभियान Gorakhpur News
रामगढ़ ताल को और भी सुंदर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। एनडीआरएफ के अफसरों और जवानों ने इसके लिए बुधवार से ताल में सफाई अभियान शुरू किया।
गोरखपुर, जेएनएन। पूर्वांचल की शान रामगढ़ ताल को और भी सुंदर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अफसरों और जवानों ने इसके लिए बुधवार से ताल में सफाई अभियान शुरू किया।
आपदा न होने की स्थिति के एनडीआरएफ की टीम ने बुधवार को रामगढ़ झील में मोहद्दीपुर की तरफ से सफाई अभियान चलाया। झील के किनारे, झील के अंदर लगी काई और प्लास्टिक को जवानों ने निकाला। जवानों के अभियान से झील की सुंदरता और बढ़ गई।
ताल के किनारे था गंदगी का अंबार
एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान के निर्देश पर 11वीं वाहिनी के जवान, नगर निगम, जिला आपदा प्रबंधन, भारत सेवा मिशन, पहला कदम, भारत नेपाल मित्रता संघ के सदस्य सुबह ही रामगढ़ झील के किनारे पहुंच गए। झील के किनारे गंदगी का अंबार लगा था।
गंदगी न फैलाने का अनुरोध
एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट पीएल शर्मा ने कहा कि साफ-सफाई को लेकर हमें खुद जागरूक होना होगा। घरों का कचरा न तो खुली जग और न ही पानी में फेंके। पानी में कचरा नहीं जाएगा तो हमें जलस्रोत कभी प्रदूषित नहीं होंगे। इससे ग्राउंड वाटर ठीक रहेगा।
ग्राउंड वाटर स्वच्छ रहेगा तो पीने के लिए शुद्ध पानी मिलेगा। लोगों को बीमारी से बचाने और स्वस्थ समाज बनाने के लिए यह बहुत जरूरी है। इस दौरान भारत सेवा मिशन के डॉ. आशीष श्रीवास्तव, निरीक्षक डीपी चंद्रा, आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता समेत अन्य लोग शामिल रहे।
छह सौ से अधिकारी कर्मी लगे
एनडीआरएफ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार को स्वच्छता मुहिम चलाई। इस मुहिम में छह सौ से ज्यादा जवानों ने सफाई की। साथ ही लोगों को साफ-सफाई का महत्व बताया।
सभी फोटो - अभिनव राजन चतर्वेदी