रेलवे मजदूर यूनियन का प्रदर्शन का नायाब तरीका, अब ऐसे होगा विरोध Gorakhpur News
मंडल मंत्री दिलीप कुमार धर दूबे के अनुसार 13 जुलाई से 11.45 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक रेलकर्मी कार्यस्थल से ही ताली घंटी सीटी और हार्न बजाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। एनई रेलवे मजदूर यूनियन ने धरना-प्रदर्शन का नायाब तरीका खोज निकाला है। अब वे अपने कार्यस्थल से घंटी, ताली और सीटी बजाकर रेलवे के अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे। इससे कार्य भी प्रभावित नहीं होगा और कर्मियों का विरोध भी रेलवे प्रशासन तक दर्ज हो जाएगा।
सोमवार से होगी घंटी बजाओ अभियान की शुरुआत
यूनियन ने इसे घंटी बजाओ अभियान नाम दिया है। संयुक्त महामंत्री प्रदीप कुमार धर दूबे कहते हैं कि अभियान की शुरुआत 13 जुलाई को महामंत्री केएल गुप्त के नेतृत्व में यांत्रिक कारखाने से होगी। मंडल मंत्री दिलीप कुमार धर दूबे के अनुसार दोपहर 11.45 बजे से 12.00 बजे तक रेलकर्मी कार्यस्थल से ही ताली, घंटी, सीटी और हार्न बजाएंगे। उन्होंने कहा कि विरोध का यह कार्य जारी रहेगा। यदि रेलवे के कर्मचारी संगठन विरोध नहीं करेंगे तो फिर कौन करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा यह आंदोलन सफल रहेगा।
रेलवे का हो रहा निजीकरण
यूनियन के नेताओं का कहना है कि रेलवे में बड़ी संख्या में पदों को सरेंडर किया जा रहा है। धीरे-धीरे निजीकरण हो रहा है। इंसेटिव स्कीम समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। कर्मचारियों की बातों को दबाया जा रहा है। ऐसे में आंदोलन ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का संगठन ही इसलिए बना है ताकि कर्मचारी हित या संस्थाहित के विरुद्ध कोई कार्य हो रहा है तो उसका विरोध किया जा सके। रेलवे का निजीकरण करना ठीक नहीं है। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय होगा। कर्मचारी इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कर्मचारियों की ड्यूटी में लॉकडाउन तीन की सूची आएगी काम
प्रदेश सरकार की ओर से घोषित बंद में नगर निगम के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की ड्यूटी लॉकडाउन तीन की तरह लगेगी। नगर निगम प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। बंद के दौरान प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अफसरों को कार्यालय पहुंचना अनिवार्य कर दिया गया है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 50 फीसद कर्मचारी ही कार्यालय में बुलाए जाने हैं। इसे देखते हुए कर्मचारियों की अलग-अलग दिन ड्यूटी लगाई जा रही है।