बांध पर कूड़ा फेंकने का विरोध, नगर निगम से नहीं निकलीं कूड़ा गाडि़यां Gorakhpur News
एकला बांध पर कूड़ा फेंकने का लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इस कारण नगर निगम से कूड़ा गाडि़यां नहीं निकलीं।
गोरखपुर, जेएनएन। एकला बांध पर कूड़ा डालने का फिर विरोध शुरू हो गया है। नागरिकों ने कूड़ा गाडि़यों को वापस कर दिया तो चालकों ने गाडि़यां नगर निगम के महेवा स्टोर में खड़ी कर दीं। सुबह 11 बजे के बाद कूड़ा गाडि़यों को दोबारा एकला बांध पर भेजा जाना शुरू हुआ।
एकला बांध पर डाला जाता है कूड़ा
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट न होने के कारण शहर का कूड़ा अभी एकला बांध पर डाला जाता है। एकला बांध पर कूड़े का पहाड़ा खड़ा हो गया है। कूड़े से उठती दुर्गंध व धुएं से नौसढ़ और आसपास के नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पिछले साल भी नागरिकों ने एकला बांध पर कूड़ा डालने का विरोध किया था। उस समय नगर निगम के अफसरों ने चार महीने की मोहलत मांगी थी लेकिन सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए जमीन न मिलने के कारण अब तक कूड़ा बांध पर ही गिराया जाता है।
महेवा स्टोर में खड़ी हैं कूड़ा गाडि़यां
दो दिन पहले नागरिकों ने एकला बांध पर कूड़ा डालने का विरोध शुरू किया। मंगलवार को नागरिकों ने कई गाडि़यों को वापस कर दिया लेकिन अफसरों ने बातचीत कर कूड़ा भेजा। बुधवार सुबह फिर कूड़ा गाडि़यां वापस कर दी गईं। चालकों ने कूड़ा लदी गाडि़यां महेवा स्टोर में खड़ी कर दीं। सुबह 11 बजे नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने एकला बांध पर जाकर बुलडोजर की सहायता से रास्ता ठीक कराया और नागरिकों से बात कर कूड़ा डलवाना शुरू किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों ने विरोध किया था। उनसे बात कर संतुष्ट कर दिया गया है। अब कूड़ा गिरने लगा है।