गोरखपुर की प्रज्ञा ने कहा, उतना सगे भी नहीं करते जो सोनू सूद ने किया Gorakhpur News
गोरखपुर की प्रज्ञा मिश्रा ने सोनू सूद की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सोनू सूद ने जितना मेरे लिए किया उतना कोई सगा भी नहीं करता है। सोनू सूद ने प्रज्ञा का इलाज कराया था।
गोरखपुर, जेएनएन। पादरी बाजार निवासी प्रज्ञा मिश्रा के घुटने का ऑपरेशन अभिनेता सोनू सूद की पहल पर गाजियाबाद में गुरुवार को निश्शुल्क हुआ था। वह स्वस्थ व खुश हैं। दो दिन बाद उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकता है। प्रज्ञा ने सोनू सूद के प्रति अभार जताया और कहा कि इतना तो सगे भी नहीं करते, जितना सोनू भैया ने किया।
स्वस्थ व खुश, दो दिन बाद हो सकती हैं डिस्चार्ज
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से लॉ की पढ़ाई कर रही प्रज्ञा पिछले फरवरी माह में एक दुर्घटना में घायल हो गईं, उनके दोनों घुटनों की हड्डी टूट गई। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए डेढ़ लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उन्हाेंने अपनों से लेकर राजनीतिक लोगों से संपर्क साधा, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। इस बीच उन्हें अभिनेता सोनू सूद का ख्याल आया। ट्वीट किया और उधर से जवाब मिला कि दिल्ली आओ, डॉक्टर से बात हो गई है। इसके बाद छात्रा अपनी मां के साथ दिल्ली पहुंच गईं। जहां सोनू सूद की टीम पहले ही दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद थी।
चर्चा में हैं सोनू सूद
इस घटना के बाद सोनू सूद सोशल मीडिया में चर्चा में हैं। लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। प्रथम चरण के लॉकडाउन में देश के कई हिस्सों में फंसे यूपी और बिहार के मजदूरों की मदद कर चर्चा में आए सोनू सूद लगातार ऐसे काम कर रहे हैं जिससे लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें रीयल हीरो और कुछ लोग तो उन्हें भगवान मान रहे हैं।