'विकास दुबे कानपुर वाले' का रिश्तेदार बताकर मांग रहा था रंगदारी, पुलिस ने दबोचा
यूपी के देवरिया जिले में विकास दुबे के का रिश्तेदार बताकर फिरौती मांगने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
देवरिया, जेएनएन। कानपुर वाले बदमाश विकास दुबे का रिश्तेदार बता कर बाइक एजेंसी मैनेजर से रंगदारी मांगने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह चेन स्नेचिंग की घटना में फरार था।
शहर के रामनाथ देवरिया निवासी शंभू शरण मिश्र जेल के समीप स्थित एक बाइक एजेंसी पर मैनेजर हैं। उनके मोबाइल पर तीन दिन पूर्व एक युवक ने फोन किया और अपने को विकास दुबे का रिश्तेदार बताया।
साथ ही कहा कि विकास दुबे के कुछ रिश्तेदारों की जमानत करानी है, अपने मालिक से बात कर पैसा भेजो। अगर पैसा नहीं भेजा गया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। इसके बाद दोनों के बीच जमकर बहस हुई। हालांकि कितना पैसा चाहिए, यह बात फोन करने वाले ने नहीं बताया। इसकी शिकायत गुरुवार की शाम एसपी के पास पहुंची तो उन्होंने जांच कराई। जांच के बाद एसओजी ने संबंधित नंबर वाले को धर दबोचा। उसने अपना नाम अनूप तिवारी निवासी रामनाथ देवरिया बताया। बदमाश जिले का चेन स्नेचर है। कई बार इससे पहले जेल जा चुका है। कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे में फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि अनूप को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लुधियाना से फोन कर मांगी थी रंगदारी
जब पुलिस ने जांच शुरू की तो संबंधित नंबर का लोकेशन लुधियाना में मिला। इसके बाद वह यूपी में प्रवेश कर गया। कुछ ही देर घंटों बाद उसका लोकेशन कानपुर में मिलने लगा। भोर में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वह देवरिया के एक नेता का बस लेकर लुधियाना गया था और इस समय बस चला रहा था।