नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, एक सिपाही भी घायल Basti News
यूपी के बस्ती जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपीे ने फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी को गोली लग गई।
बस्ती, जेएनएन। सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव में चार युवकों ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया। शौच करने जा रही किशोरी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया और उसके तीन साथी वीडियो बनाते रहे। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। दुष्कर्म की घटना के बाद सोमवार की रात मनौरी के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपित को गोली लग गई जबकि गोली लगने से एक सिपाही भी घायल हुआ है। आरोपित का मेडिकल कालेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है।
चार युवकों ने किशोरी को रोका- एक किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया
किशोरी शौच के लिए गांव से बाहर जंगल की ओर जा रही थी। रास्ते में चार युवकों ने उसे रोक लिया और छेडख़ानी करने लगे। विरोध करने पर युवक उसे पास के गन्ने के खेत में उठा ले गए। एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, और तीनों दोस्त वीडियो बनाते रहे। शोर मचाने पर वीडियो वायरल करने की चेतावनी दी। किशोरी घर पर अपनी मां व बाबा के साथ अकेली रहती है। उसके पिता मुंबई में रहते हैं। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित असगर, हलीम, मनोज चौधरी व सतीश शर्मा के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
जवाबी फायरिंग में लगी गोली
मामला गंभीर होने के कारण पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई थी। सोमवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म का मुख्य आरोपित असगर अपने एक साथी के साथ भागने की फिराक में है। स्वाट टीम के प्रभारी विक्रम सिंह और सोनहा थानेदार संजय नाथ तिवारी मय फोर्स मनौरी से आगे रैपुरा पुलिया के पास घेराबंदी कर उसका इंतजार करने लगे। मुख्य आरोपित असगर पैदल हाईवे की ओर तेजी से आते दिखाई दिया तो पुलिस ने उसे घेर लिया। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपित ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी और तेजी से भागने लगा।
बचाव में स्वाट टीम के विक्रम सिंह और सोनहा के थानेदार ने भी गोली चलाई। चार राउंड गोली चलने की खबर है। पुलिस की गोली मुख्य आरोपित के बाएं पैर में लगी है। वहीं सोनहा थाने के सिपाही प्रदीप सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। मौके पर एएसपी पंकज,सीओ कोतवाली आलोक सिंह, कोतवाल एमपी चतुर्वेदी और एसओ पुरानी बस्ती सर्वेश राय सहित आसपास के थानों की बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद रही।