नेपाल से लेकर मुंबई तक के बदमाशों की तलाश में पुलिस, 50 शातिरों की सूची जारी Gorakhpur News
पिछले पांच वर्ष में हत्या लूट डकैती जैसे संगीन वारदातों को अंजाम देने वालों को चिन्हित किया गया है। इनके कार्य क्षेत्र को भी देखा जा रहा है। दूसरे जोन से भी संपर्क किया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन। अपराध पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस ने रणनीति बनाई है। आठ जिलों से मिले इनपुट के आधार पर 50 शातिर बदमाशों की सूची गोरखपुर जोन पुलिस ने जारी की है। इसमें नेपाल, बिहार व मुंबई के बदमाशों तक के नाम हैं। कुछ इनामी भी शामिल हैं। तीन चरणों की कार्रवाई के तहत बदमाश, उनके गिरोह व संरक्षणदाताओं तक पहुंचने की योजना है।
तीन चरणों में होगी कार्रवाई
पहले चरण में क्षेत्र में वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे बदमाशों की कुंडली तैयार की गई है। दूसरे चरण में इनके गिरोह को चिन्हित किया जाएगा। किसका संरक्षण प्राप्त है, इसका पता लगाया जाएगा। तीसरे चरण में जोन के सभी जनपद की पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाकर इनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पांच वर्ष की घटनाओं पर बनी सूची
पिछले पांच वर्ष में हत्या, लूट, डकैती जैसे संगीन वारदातों को अंजाम देने वालों को चिन्हित किया गया है। इनके कार्य क्षेत्र को भी देखा जा रहा है। आवश्यकता पडऩे पर दूसरे जोन की पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा।
यहां के बदमाशों के हैं नाम
सूची में बिहार, नेपाल, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती व मुंबई के दो बदमाशों के नाम शामिल हैं।
पुलिस कर रही अपना काम
इस संबंध में सिद्धार्थनगर के एसपी विजय ढुल का कहना है कि अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में जनपद के अपराधियों की लिस्ट भेज दी गई है। चिन्हित अपराधियों की लोकेशन खंगाली जा रही है। गैर जनपदों के भी शातिर अपराधियों की खोज में पुलिस को लगाया गया है।