Gorakhpur News: डीजे म्यूजिक बजाने को लेकर दो समुदायों मे विवाद, छह लोग हिरासत में- गांव में पुलिस फोर्स तैनात
मामला गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव का है। रामनवमी पर मंदिर के पास धार्मिक कार्यक्रम के दौरान एक समुदाय द्वारा डीजे म्यूजिक बंद करने के लिए कहा गया। इसी बात पर विवाद हो गया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में गुरुवार की रात डीजे म्यूजिक बजाने को लेकर दो समुदायों मे विवाद हो गया। आरोप है कि एक समुदाय के लोगों ने रात में बज रहे डीजे म्यूजिक को बंद करने को कहा, जिस पर हाथापाई शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और मौके से छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने उठा लाई। एहतियातन गांव में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
यह है पूरा मामला
जमुनिया गांव में रामनवमी पर मंदिर के पास एकत्र हुए लोग धार्मिक कार्यक्रम कर रहे थे। इस दौरान सुनील भारती का डीजे म्यूजिक भी आया था और उस पर भक्ति गीत बजाए जा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे के बाद डीजे म्यूजिक बजने पर कुछ लोगों ने आपत्ति करते हुए बंद करने को कहा। इसे लेकर हाथापाई शुरू हो गयी। जानकारी होने पर दूसरे समुदाय से और लोग एकत्र हो गए।
गांव में पुलिस की तैनाती
विवाद बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डीजे म्यूजिक को जब्त करने के साथ ही छह लोगों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि गांव में शांति है। दोबारा विवाद न हो इसलिए कुछ पुलिसकर्मियों को गांव में तैनात किया गया है।
किशोर से की हैवानियत, आरोपित गिरफ्तार
हरपुर-बुदहट क्षेत्र के एक गांव के ही एक युवक ने किशोर से हैवानियत की। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी के बाद किशोर की मां ने आरोपित के विरुद्ध बंधक बनाकर अप्राकृतिक कृत्य करने, धमकी देने और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया। गुरुवार की दोपहर आरोपित को गिरफ्तार कर हरपुर-बुदहट थाना पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस को दी तहरीर में महिला ने लिखा है कि गांव के रहने वाले विशाल गौड़ ने बुधवार की रात को बेटे को अपने घर बुलाया। बंधक बनाकर उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करके मोबाइल फोन से वीडियो बनाया और दोस्तों के मोबाइल फोन पर प्रसारित कर दिया। परिचितों के बताने पर उसे घटना की जानकारी हुई। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि आरोपित को जेल भेज दिया गया है।