#Fani_Cyclone : पूर्वांचल में भी 'फानी' की दस्तक-मौसम का मिजाज बदला, सिद्धार्थनगर में एक की मौत
बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी पूर्वी तट से उठे फेनी चक्रवात ने पूर्वी भारत को अपनी चपेट में लेने के बाद अब पूर्वांचल की तरफ रूख कर लिया है।
गोरखपुर, जेएनएन। बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी पूर्वी तट से उठे 'फानी' चक्रवात ने पूर्वी भारत को अपनी चपेट में लेने के बाद अब पूर्वांचल की तरफ रूख कर लिया है। गोरखपुर मंडल के पूर्वी जिले कुशीनगर में सबसे पहले दस्तक देने वाले फेनी चक्रवात ने शुक्रवार को कुशीनगर जनपद का मिजाज बदल दिया।
भोर से ही बदला मौसम सुबह होते होते पूरी तरह से फेनी की चपेट में अा गया और पूरे जिले में जमकर बारिश हुई। कुशीनगर के अलावा देवरिया, महराजगंज, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर में भी मौसम का मिजाज बदल गया। सिद्धार्थनगर में आंधी आने से थाने में पेड़ गिर गया जिससे एक सिपाही की मौत हो गई।
कुशीनगर में उमस भरी गर्मी में शुक्रवार को तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई।
लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन उन किसानों के पसीने छूट रहे हैं जिनकी गेंहू तेज हवाओं में खेतों से उड़ कर दूर बिखर गए। किसानों को कोई उपाय नही सूझ रहा है। तेज हवा में छप्पर और टीन की छतें उड़ने, दीवार गिरने, पेड़ और बिजली के खम्भे भी उखड़ने से जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। जनपद में बिजली गिरने से दो लोगों के घायल होने की सूचना है। मूसलाधार बारिश से सड़कों पर सन्नाटा है। स्कूल के समय बारिश शुरू होने से आधे से अधिक बच्चे रास्ते में ही फंस गए, अधिकांश तो मौसम का रुख देखकर घर लौट गए।
देवरिया में आसमान में काले बादल छाए। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदा बांदी भी हुई और तेज हवाएं चल रही हैं। संतकबीर नगर में भी आसमान में काले बादल बादल छाए और धूल के साथ तेज हवा चल रही है। महराजगंज जिले में भी मौसम खराब हो गया। आसमान में काले बादल छाए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। सिद्धार्थनगर में भी आंधी पानी शुरू हो गया है। आंधी आने से शोहरतगढ़ थाने में पेड़ गिर गया। इस हादसे में थाने के दीवान राम नगीना राय की मौत हो गई। गोरखपुर और बस्ती में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। गोरखपुर में सुबह कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई और पूरे जिले में तेज हवाएं चल रही हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप