दूसरों से मोबाइल पर बात करती थी इसलिए रेत दिया प्रेमिका का गला
प्रेमी को संदेह था कि मोबाइल पर दूसरों से बात कर संबंध बना रही है उसकी प्रेमिका
गोरखपुर : महराजगंज की महिला आरती की हत्या उसके प्रेमी ने की थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर गला काटने में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
एसपी नार्थ रोहित सिंह सजवान ने बताया कि दस मई को कैम्पियरगंज में मछलीगाव के ब्रह्मपुर गाव के पास बंधे के किनारे जमुहानी के जंगल में 22 वर्षीया महिला का शव मिला था। 12 मई को थाने पहुंचे युवक ने शव की पहचान महराजगंज, पनियरा के गेहुअना निवासी आरती पत्नी विक्रम के रूप में की। युवक ने बताया था कि आरती उसकी मौसी थी। पनियरा क्षेत्र के सतगुर मुजुरी गांव में उसकी ननिहाल है। मौसा विक्रम बाहर काम करते हैं। नौ मई को मौसी दवा कराने के लिए कैंपियरगंज आई थी। छानबीन में पता चला कि नौ मई की सुबह आरती के मोबाइल पर पनियरा के बड़हरा निवासी मुबारक अली का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकली थी। आखिरी बार भी उसी ने बातचीत की थी। सर्विलांस की मदद से कैंपियरगंज पुलिस ने चौमुखा पुलिया के पास उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुबारक ने आरती की हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।
एक साल से था प्रेम संबंध
आरोपित मुबारक अली की शादी नहीं हुई है। गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में स्थित फर्नीचर की दुकान पर वह काम करता है। एक साल पहले उसकी मुलाकात आरती से हुई थी। जान-पहचान बढ़ने पर मोबाइल पर बातचीत होने लगी। बाद में दोनों मिलने-जुलने लगे। मुबारक ने बताया कि जितने रुपये कमाता था आरती के ऊपर खर्च कर देता था। इसके बाद भी वह कई अन्य लोगों से मोबाइल पर बातचीत करने के साथ ही मिलती भी थी। कई बार मना करने के बाद भी न मानने पर गला रेतकर हत्या कर दी।
सात फेरे लेने से पूर्व दुल्हन प्रेमी संग फरार
शादी की तारीख भी तय थी, रीतिरिवाज के मुताबिक तैयारियां भी पूरी थी। तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार रविवार को बारात भी दरवाजे पर पहुंच गई थी। मगर ऐन वक्त पर ही सात फेरे लेने से पूर्व दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई। प्रेमी भी उसका ममेरा भाई बताया जा रहा है। परेशान परिजनों ने आस पास के संभावित स्थलों पर खोजबीन की, मगर लड़की नहीं मिली अब और देर न करते हुए कन्या पक्ष ने सारी घटना वर पक्ष के सामने रख दी और उसकी छोटी बहन से शादी के लिए रजामंदी ले ली और दूल्हे ने शादी रचाई। मामला महराजगंज जनपद के घुघली थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां एक व्यक्ति के घर बरात आई थी। कन्या पक्ष बरात के स्वागत में लगे थे। घर में मंगलगीत भी हो रहे थे। उस बीच दो प्रेमियों के बीच क्या चल रहा था वह किसी को पता नहीं था। वक्त था रस्मों की बंदिशों में बंधने हेतु सात फेरे लेने का तभी दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई। घर वालों को जब ये पता चला कि दुल्हन के रूप में सजी लड़की घर में नहीं है तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने आस-पास के संभावित स्थलों पर तलाश किया मगर उसका पता नहीं चला। वक्त काफी हो चला था घर में राय मशविरा करने के बाद वर पक्ष को सब कुछ बता देने का निर्णय लिया गया। कन्या पक्ष के लोगों ने सारी बातें वर पक्ष के लोगों से साझा करते हुए उसकी छोटी बहन से शादी करने का प्रस्ताव रखा। काफी जद्दोजहद के बाद वर पक्ष ने अपनी रजामंदी जता दी। देर रात को शादी की रश्म अदायगी शुरू हुई और भोर में दूल्हे ने शादी रचाई।