फेसबुक पर प्रियंका गांधी के नाम से बनी आईडी से सांसद को कहा गया जोकर, रवि किशन ने इस तरह दिया जवाब Gorakhpur News
रवि किशन ने कहा कि उन्होंने भारत माता का जयघोष किया तो इसे लेकर कांग्रेसियों को मिर्ची लगने का कोई औचित्य नहीं है। समझ में नहीं आता कि कांग्रेस को इस तरह की पीड़ा क्यो होती है।
गोरखपुर, जेएनएन। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती से जुड़ी अपनी एक वायरल फोटो पर प्रियंका गांधी के नाम से बनी एक फेसबुक आईडी से की गयी 'जोकर टिप्पणी को सांसद रवि किशन ने गंभीरता से लिया है। उनका मानना है कि यह टिप्पणी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की है। हालांकि फेसबुक पर इस नाम से तमाम आईडी उपलब्ध हैं।
भारत माता की जयघोष करने पर उन्हें मिर्ची लगी
गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कहा है कि गोरखपुर में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जब वह भारत माता की जयघोष कर रहे थे, तो उसी दौरान लोगों ने एक तस्वीर खींचकर उसे वायरल कर दिया। वायरल फोटो पर उन्हें जोकर बताने वाली 'प्रियंका गांधी की टिप्पणी प्रोपगंडा खड़ा करने वाली है। रवि किशन ने कहा कि उन्होंने भारत माता का जयघोष किया तो इसे लेकर कांग्रेसियों को मिर्ची लगने का कोई औचित्य नहीं है। समझ में नहीं आता कि कांग्रेस को इस तरह की पीड़ा समय-समय पर क्यों होती रहती है। उन्होंने कहा कि भारत माता के लिए जयघोष करना अच्छी बात है। पर पता नहीं कुछ लोगों को इस पर आपत्ति क्यों हो जाती है। रवि किशन ने सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों के लिए भारत माता नहीं है।
ये थी रवि किशन पर टिप्पणी
गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन की इस वायरल फोटो पर फेसबुक पोस्ट में प्रियंका गांधी के नाम से बनी आईडी से लिखा गया है कि देश के पहले गृहमंत्री को श्रद्धांजलि देने का यह अनोखा तरीका कोई हास्यास्पद जीव ही कर सकता है। सासंद रवि किशन के लिए यह मजाक हो सकता है लेकिन ऐसे जोकरों को आगे लाने वाले भाजपा नेता इस मामले में चुप क्यों हैं। वैसे मन ही मन सरदार पटेल से नाराजगी रखने वाले संघ को शायद इसमें कोई आपत्ति न हो।