शहर से बाहर डेयरियां ले जाने के लिए संचालकों को किया जाएगा जागरूक Gorakhpur News
बैठक में कहा गया कि गंदगी के प्रमुख कारणों में शहर की डेयरियां भी है। जब तक डेयरियां शहर के बाहर नहीं होंगी गंदगी होती रहेंगी। इसलिए सबसे पहले इन पर काबू किया जाए।
गोरखपुर, जेएनएन। खराब हो चुके नगर निगम के 18 वाहन नीलाम किए जाएंगे। इन वाहनों की सूची संभागीय प्रवर्तन अधिकारी के पास भेजी जा रही है। साथ ही गंदगी का कारण बन रही डेयरियां को शहर के बाहर ले जाने के लिए संचालकों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही व्यवसायिक, आवासीय और अन्य भवनों से मिले कर की सूची रोजाना महापौर को देनी होगी।
सफाई के लिए नागरिकों को किया जाएगा जागरूक
महापौर सीताराम जायसवाल ने नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह की मौजूदगी में अफसरों के साथ बैठक की। महापौर ने कहा कि कर वसूली से जुड़े सभी अफसरों व कर्मचारियों को मुस्तैदी से काम करना होगा। नगर निगम प्रशासन नागरिकों के लिए सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाए ताकि घरों का कूड़ा सड़क व नाली में न फेंका जाए। सफाईकर्मी के पहुंचने पर नागरिक अलग-अलग डिब्बे में सूखा व गीला कूड़ा उपलब्ध कराएं। बैठक में कहा गया कि गंदगी के प्रमुख कारणों में शहर की डेयरियां भी है। हालांकि संचालकों से इस संबंध में कई बार कहा गया पर, अभी तक इसके लिए ऐसा कोई सामने नहीं आया जो अपनी डेयरी को शहर के बाहर करने में रुचि दिखाई हो। जब तक डेयरियां शहर के बाहर नहीं होंगी, गंदगी होती रहेंगी। इसलिए सबसे पहले इन पर काबू किया जाए।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए भूमि खरीदने के निर्देश
महापौर ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए जल्द से जल्द जमीन की खरीद के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट न होने के कारण नगर निगम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब इस पर भी गंभीरता पूर्वक काम होना चाहिए। हमें निर्विवाद भूमि खरीदनी है। उसके बाद सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसमें किसी भी सूरत में देरी ठीक नहीं है। बैठक में कहा गया कि शुद्ध पेयजल की घर-घर व्यवस्था होनी चाहिए। महापौर ने शहर में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और जलनिकासी के लिए सु²ढ़ कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
कूड़ा पात्र न रखने वाले दुकानदारों, ठेला-खोमचा वालों पर होगी कार्रवाई
महापौर ने कहा कि कूड़ा पात्र न रखने वाले दुकानदारों, ठेला-खोमचा वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार किसी भी तरह का कूडक़ा सड़क पर न फेंकें, इसे नगर निगम के सफाईकर्मी को दें। इससे अगले स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की स्थिति और मजबूत होगी। इस दौरान उप सभापति अजय राय, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा, अनिल कुमार सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, लेखाधिकारी अमरेश बहादुर पाल, मो. आरिफ सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।