गोरखपुर विश्वविद्यालय में भी होगी ऑनलाइन पढ़ाई, 45 दिन ऑनलाइन क्लास की मंजूरी Gorakhpur News
गोरखपुर विश्वविद्यालय में भी आनलाइन पढाई होगी। इसकी मंजूरी मिल गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में भी अब ऑनलाइन पढ़ाई होगी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 45 दिन के लिए ऑनलाइन क्लास की मंजूरी दे दी है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं के लिए ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई होगी।
कुलपति प्रो वीके सिंह के अनुसार कोरोना का संकट अभी बना हुआ है। शासन ने अगस्त में क्लास शुरू करने पर रोक लगा रखी है। ऐसे में छात्रों के भविष्य को देखते हुए जल्द ही ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला किया गया है। यह ऑनलाइन क्लास सितंबर के अंतिम सप्ताह तक चलाई जाएगी। उसके बाद परिस्थितियों पर विचार किया जाएगा। अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो ऑनलाइन व ऑफलाइन मिश्रित क्लास शुरू की जाएंगी। परिस्थितियां सामान्य होने पर अक्टूबर या नवंबर महीने से पूर्व की भांति कक्षाएं शुरू होंगी।
विकसित हो रहा है ई-कंटेंट पोर्टल
शासन ऑनलाइन क्लास और सोशल मीडिया के जरिये पढ़ाई को प्राथमिकता दे रहा है। सुविधा के लिए शासन ने प्रदेश स्तर पर एक ई-कंटेंट पोर्टल भी बनाया है। इस पोर्टल में सभी विषयों की पाठ्य सामग्री उपलब्ध रहेगी। यह पोर्टल छात्रों के लिए निश्शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी विश्वविद्यालय के छात्र पढ़ाई कर सकते हैं।
तीन विषयों के कंटेंट तैयार करेगा विश्वविद्यालय
प्रदेश स्तरीय ई-कंटेंट पोर्टल के लिए विश्वविद्यालय को भी अहम जिम्मेदारी मिली है। विश्वविद्यालय के शिक्षक प्राणी विज्ञान, राजनीति विज्ञान और पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय का ई-कंटेंट तैयार करेंगे। इस सामग्री को ही प्रदेश के छात्र अध्ययन करेंगे। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
महाविद्यालयों में भी आयोजित होंगी खेल की आनलाइन गतिविधियां
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में अब संबद्ध महाविद्यालयों में भी खेल की आनलाइन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने दी। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. अश्वनी मिश्रा के अनुसार जल्द ही महाविद्यालयों को इस संबंध में पत्र भेज दिया जाएगा। महाविद्यालय प्रबंधन को खिलाड़ियों को खेलो इंडिया ऐप पर पंजीकरण कराके विश्वविद्यालय को अवगत कराने के लिए भी निर्देशित कर दिया गया है।