#हादसा : बरातियों से भरी पिकअप ट्रक से टकराई- एक की मौत, 15 घायल
बस्ती जिले में बरातियों से भरा पिकअप वाहन ट्रक से टकरा गया। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तथा 15 लोग घायल हो गए।
गोरखपुर/बस्ती, जेएनएन। बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर बरातियों से भरा पिकअप वाहन ट्रक से टकरा गया। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तथा 15 लोग घायल हो गए। बरात संतकबीर नगर कोतवाली के भदाह गांव से लौट रही थी। सभी बराती बस्ती जनपद के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव के रहने वाले थे। यह लोग गांव के सत्यनाराण चौधरी के बेटे रमेश की शादी में बरात गए थे। घायलों में तीन को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
मरवटिया गांव निवासी सत्यनारायण चौधरी के बेटे रमेश की बरात सोमवार को भदाह गांव गई थी। वहां से 16 बराती माल वाहक पिकअप में सवार होकर अपने गांव मरवटिया लौट रहे थे। वाहन में आगे बैठे 22 वर्षीय चंद्र प्रकाश चौधरी पुत्र रामकिशोर ग्राम परसिया थाना बखिरा संत कबीर नगर की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हुए घायल
27 वर्षीय सूरज प्रकाश पुत्र राम किशोर, 25 वर्षीय लक्ष्मी पत्नी सूरज, पांच वर्षीय गोलू पुत्र सूरज, 25 वर्षीय रामउग्रह, तीन वर्षीय निखिल पुत्र सूरज प्रकाश, संजीव पुत्र सर्वेश्वर, 12 वर्षीय अभिषेक पुत्र श्रीनेवास, 22 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र सहदेव, 8 वर्षीय अर्जुन पुत्र चंद्रभान, 12 वर्षीय नितेश पुत्र सहदेव, 8 वर्षीय किशन पुत्र इंद्रजीत, 15 वर्षीय सोनी पुत्री श्रीनेवास व 15 वर्षीय अनीता पुत्री चंद्रभान घायल हुए हैं। घायलों में से लक्ष्मी, गोलू व रामउग्रह को गंभीर स्थिति में लखनऊ रेफर कर दिया गया है। मृतक चंद्रप्रकाश दूल्हा रमेश के बहनोई का छोटा भाई है। दुर्घटना के बाद से ही शादी वाले घर में मातम का माहौल है। सभी रिश्तेदार अस्पताल में मौजूद हैं। हर तरफ चीख पुकार मची हुई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप