प्रार्थना सभा में महिलाओं का कराया जा रहा था धर्म परिवर्तन, एक गिरफ्तार
महरागंज में आयोजित प्रार्थना सभा में महिलाओं का धर्म परिवर्तन करा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गोरखपुर, (जेएनएन)। महराजगंज के सदर कोतवाली थाना अंतर्गत वीआइपी वार्ड लोहिया नगर में प्रार्थना सभा आयोजित कर धर्म परिवर्तन करा रहे आरोपित कुलदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रार्थना सभा स्थल से काफी मात्रा में इसाई धर्म की पुस्तकें, बाइबिल व प्रचार सामग्री बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ल ने बताया कि नगर पालिका परिषद महराजगंज के नेहरू नगर वार्ड निवासी भरत कुमार ने सुबह सूचना दी कि प्रभावती देवी मेमोरियल संस्थान के बैनर तले लोहिया नगर में हर रविवार को प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। इसमें शहर समेत आसपास के गांवों के गरीब तबके के लोगों को बुलाया जाता है और प्रार्थना सभा में ईसा मसीह के चमत्कारी प्रभाव का वीडियो दिखा कर लोगों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन करा कर इसाई बनाया जा रहा है। यह कार्य प्रभावती देवी संस्थान से जुड़े कुलदीप कुमार करा रहे हैं। कुलदीप दूसरे धर्मों पर अशोभनीय व आपत्तिजनक टिप्पणी भी करते हैं। इससे अन्य धर्मों से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हो रहीं हैं। भरत कुमार द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामदवन मौर्य व नगर चौकी इंचार्ज बृजेश सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कोतवाली पुलिस की जांच में धर्म परिवर्तन के आरोपों की पुष्टि हो गई। प्रार्थना सभा में आरोपित कुलदीप कुमार 12 महिलाओं को धर्म परिवर्तन कराने में लगे थे। महिलाओं ने धर्म परिवर्तन के लिए आने की बात बताई तो आरोपित कुलदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कुलदीप के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 419, 420, धार्मिक विद्वेष फैलाने की धारा 295 ए व सात औषधि एवं चमत्कारिक अपचार अधिनियम 1954 के तहत केस दर्ज कराया है। आरोपित से पूछताछ कर धर्म परिवर्तन कराने में लगे संस्था के अन्य सदस्यों के नाम व ठिकाने का पता लगाया जा रहा है।