पुलिस ने नहीं सुनी तो तस्करों के दरवाजे पर लिख दिया 'यहां मिलता है गांजा'
अवैध रूप से गांजा बिकने की शिकायतों को पुलिस ने नरजअंदाज किया तो लोगों ने इसके विरोध का नायाब तरीका ढूंढ लिया। जिन घरों से गांजा बिकता था वहां बोर्ड लगा दिया कि यहां गाजा बिकता है।
गोरखपुर, (जेएनएन)। सहजनवां कस्बे के लोग गांजे के अवैध धंधेबाजों से परेशान है। शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई न होने पर लुचुई मोहल्ले के लोगों ने विरोध करने के लिए अनोखी तरकीब निकाला। रात में कई घरों की दीवार व दरवाजे पर 'यहां गांजा मिलता है' लिख डाला। सुबह पुलिस ने इसे मिटवाया। थानेदार इस संबंध में कोई शिकायत मिलने से इन्कार कर रहे हैं।
कस्बे के लोग लंबे समय से कुछ स्थानों पर गांजा बिकने की शिकायत पुलिस से करते आ रहे हैं। हर बार कार्रवाई करने का भरोसा देकर उन्हें चुप करा दिया जाता है। रविवार सुबह वार्ड नंबर 10 लुचुई के लोग जब बाहर निकले तो अपने घरों से बाहर आए तो कई जगह दरवाजे और दीवार पर काले रंग से बड़े अक्षरों में 'यहां गांजा मिलता है' लिखा देखा। थोड़े ही देर में यह बात पूरे मोहल्ले में फैल गई। मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन कोई भी जिम्मेदारी लेने को आगे नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने लिखे हुए शब्दों को मिटवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उप नगर में कई स्थानों पर गांजा बिक रहा है और पुलिस कुछ नहीं कर रही है।