गोरखपुर नगर निगम में खत्म होगा तेल चोरी का खेल, जानें-क्या है नई व्यवस्था gorakhpur News
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि तेल की खपत पर हमारी लगातार नजर है। व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए फ्लीट कार्ड से तेल भराने की योजना बनाई गई है। इस पर काम चल रहा है
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम प्रशासन ने तेल के खेल पर रोक लगाने का मुकम्मल इंतजाम शुरू कर दिया है। अब ड्राइवरों को फ्लीट कार्ड दिया जाएगा। इंडियन आयल कारपोरेशन के इस फ्लीट कार्ड में पहले से ही तेल की मात्रा की फीडिंग रहेगी।
कार्ड देने पर ही मिलेगा
तेल पेट्रोल पंप पर कार्ड देने पर निर्धारित मात्रा में ही तेल मिलेगा। नगर निगम प्रशासन तेल का खेल रोकने के लिए कई बार प्रयास कर चुका है। कभी ड्राइवरों के पीछे विभाग के लोग जाते तो कभी पेट्रोल पंपों पर कर्मचारियों की तैनाती कर उनके सामने तेल भरवाया जाता। इससे भी कोई खास लाभ न हुआ तो नगर निगम ने जीपीएस और पर्ची की व्यवस्था लागू की। फिर भी शातिर ड्राइवर और कर्मचारी खेल करते रहे। अब नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने फ्लीट कार्ड की व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है।
बढऩे लगी है तेल की खपत
नगर निगम के वाहनों में पिछले साल के जनवरी महीने में तेल की खपत प्रति माह 85 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। अफसरों ने जांच तेज की तो तेल का बड़ा खेल सामने आया। कर्मचारियों और ड्राइवरों पर नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई भी की। इसके बाद तेल की खपत काफी कम हो गई थी। नवंबर 19 में तेल की खपत 65 लाख रुपये के आंकड़े को पार करने लगी तो नगर आयुक्त ने नई व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
नगर निगम में 250 से ज्यादा वाहन
नगर निगम में कूड़ा उठाने, कूड़ा गिराने, बुलडोजर, छोटे वाहनों की संख्या 235 है। इसके अलावा अफसरों के वाहन हैं। अफसरों के वाहनों को जोड़ लिया जाए तो नगर निगम में 250 से ज्यादा वाहन हैं।
इंडियन आयल कारपोरेशन से हुई बात
इस संबंध में नगर निगम के लेखाधिकारी अमरेश पाल का कहना है कि नगर निगम की गाडिय़ों में तेल भराने के लिए अब फ्लीट कार्ड का उपयोग किया जाएगा। इंडियन आयल कारपोरेशन से बात की गई है। पूल बनाकर वाहनों का संचालन किया जाएगा। हर वाहन के लिए प्रतिदिन के हिसाब से तेल की मात्रा तय कर दी जाएगी। फ्लीट कार्ड से निर्धारित मात्रा में ही तेल की खरीदारी की जा सकेगी। कार्ड से तेल की खरीद पर प्वाइंट भी मिलेंगे।
जल्द होगा लागू
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि तेल की खपत पर हमारी लगातार नजर है। व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए फ्लीट कार्ड से तेल भराने की योजना बनाई गई है। इस पर तेजी से काम चल रहा है। इंडियन आयल से बात भी हो गई है। जल्द ही इसे लागू कर दिया जाएगा।