Coronavirus : अब घरों पर लगाए जाएंगे होम क्वारंटाइन के पोस्टर Gorakhpur News
पोस्टर पर यह भी लिखा है कि यह व्यक्ति होम क्वारंटाइन में है। साथ ही उस व्यक्ति के हाथ पर होम क्वारंटाइन की मुहर भी लगाई जा रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। विदेश व देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को एहतियातन होम क्वारंटाइन किया जा रहा है, ताकि कोरोना पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके। इसके लिए ऐसे व्यक्ति के घर के बाहर एक पोस्टर लगाया जा रहा है, जिस पर बाहर से आए व्यक्ति का नाम, पता दर्ज।
हाथ पर भी लगाए जा रहे मुहर
पोस्टर पर यह भी लिखा है कि यह व्यक्ति होम क्वारंटाइन में है। साथ ही उस व्यक्ति के हाथ पर होम क्वारंटाइन की मुहर भी लगाई जा रही है।
यह है असली कारण
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मुहर व पोस्टर इसलिए लगाए जा रहे हैं ताकि आसपास के लोग उस घर में न जाएं। लोगों से उसका मिलना-जुलना न हो। इससे कोरोना के फैलने पर आसानी से नियंत्रण हो सकेगा। उन्हें किसी तरह की परेशानी होने पर कंट्रोल रूम को सूचित करने को भी कहा जा रहा है।
टहलते मिलने पर पुलिस को करें सूचित
हाथ में मुहर लगा व्यक्ति यदि मोहल्ले में घूमता है, अथवा वह कहीं जा रहा है तो आसपास के लोग उसे मना करेंगे। यदि वह नहीं मानेगा तो पुलिस या कंट्रोल रूम को सूचित करेंगे। इस संबंध में लोगों को बताया भी जा चुका है।
नहीं कर रहे क्वारंटाइन का पालन, पुलिस ने समझाया
पिपराइच क्षेत्र में बाहर से आए करीब दो सौ लोग पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बन रहे हैं। प्रशासन के होम क्वारंटाइन के आदेश के बाद भी तमाम लोग घरों के बाहर निकल रहे हैं। ऐस लोगों को समझाने के लिए चिकित्सकों ने पुलिस की मदद ली।
पिपराइच क्षेत्र में विदेश से आए हैं 42 लोग
क्षेत्र में बाहर से आने वाले दो सौ लोगों में से करीब 42 विदेश से आए हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ.नंदलाल कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र की एक वृद्ध महिला भिलाई से चार दिन पहले आई हैं। मनाही के बावजूद घर के बाहर घूम रही हैं।
ग्रामीणों ने की शिकायत
मुंबई से लौटे दो लोगों के गांव में घूमने की शिकायत ग्रामीणों ने की है। गांव में दो बार पुलिस भेजनी पड़ी। सउदी से लौटे एक व्यक्ति को समझाने के लिए पुलिस तीसरी बार गई थी। सीएचसी अधीक्षक ने स्वयं क्षेत्र के अगया, कुसम्ही, माड़ापार व जगदीशपुर गांव का दौरा किया। डॉक्टरों की पांच टीम लगाई गई है। पिपराइच क्षेत्र में अब तक 29 गांवों का भ्रमण कर 91 लोगों को होम क्वारंटाइन की मुहर लगाकर चिह्नित किया गया और घर में रहने की हिदायत दी गई।