Move to Jagran APP

अब आपदा मित्र नुकसान की आशंका कम करने के लिए चलाएंगे अभियान Gorakhpur News

आपदा मित्र अब लोगों के मित्र बनकर आपदा से नुकसान की आशंका को कम करने के लिए अभियान चलाएंगे। अब तक आपदा के समय काम आने वाले ये स्वयंसेवक पूरे साल लोगों को जागरूक कर आपदा आने पर बचे रहने के उपाय बताएंगे।

By Rahul SrivastavaEdited By: Published: Mon, 21 Dec 2020 11:50 AM (IST)Updated: Mon, 21 Dec 2020 11:50 AM (IST)
अब आपदा मित्र नुकसान की आशंका कम करने के लिए चलाएंगे अभियान Gorakhpur News
किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार आपदा मित्र। फाइल फोटो

गोरखपुर, जेएनएन : आपदा मित्र अब लोगों के मित्र बनकर आपदा से नुकसान की आशंका को कम करने के लिए अभियान चलाएंगे। अब तक आपदा के समय काम आने वाले ये स्वयंसेवक पूरे साल लोगों को जागरूक कर आपदा आने पर बचे रहने के उपाय बताएंगे। इसके लिए हर महीने के दूसरे बुधवार को आपदा न्यूनीकरण दिवस मनाया जाएगा। हर महीने की अलग थीम होगी।

loksabha election banner

जनवरी की थीम है शीतलहर

जनवरी में शुरू होने वाले इस अभियान की थीम शीतलहर को रखा गया है। ठंड में बरती जाने वाली सतर्कता के बारे में आपदा मित्र गांवों में बैठक कर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि किसी को नुकसान न हो। इसके बाद फरवरी में बिना मौसम बारिश को थीम बनाया जाएगा। फसल नुकसान होने से कैसे बचा सकते हैं, इस बात को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। मार्च में गर्मी शुरू होने से जुड़ा विषय होगा। इसी तरह हर महीने कोई न कोई विषय तय किया जाएगा। इस कार्य में जिले के सभी 200 आपदा मित्र व 16 आपदा सखियों को लगाया जाएगा। जिलाधिकारी की ओर से जल्द ही अभियान के लिए आदेश जारी होगा और इसका सख्ती से पालन भी कराया जाएगा। आपदा मित्रों को इस अभियान के लिए प्रशिक्षित भी किया जा चुका है।

शिकायत वाले नंबरों की भी देंगे जानकारी

बैठक के दौरान आपदा मित्र किसी दिक्कत पर अपनी बात रखने के लिए सरकार की ओर से निर्धारित वेबसाइट व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी देंगे। आम नागरिक को इस बात के लिए जागरूक किया जाएगा कि वे अपनी शिकायत सही जगह कर सकें।

हर महीने के दूसरे बुधवार काे होगा आयोजन

जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्‍ता ने कहा कि आपदा न्यूनीकरण अभियान चलाने की योजना बनायी गई है। हर महीने के दूसरे बुधवार को इसका आयोजन किया जाएगा। स्कूल, पंचायत भवन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बैठक कर लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिससे किसी आपदा के समय कम से कम नुकसान हो। इस तरह का प्रयोग गोरखपुर में पहली बार किया जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.