भाजपा के जिला व महानगर अध्यक्ष के लिए नामांकन शुरू Gorakhpur News
गोरखपुर में भाजपा के नए जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार को पार्टी के बेनीगंज कार्यालय पर नामांकन शुरू हुआ।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में भाजपा के नए जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार को पार्टी के बेनीगंज कार्यालय पर नामांकन शुरू हुआ। अपने-अपने अध्यक्ष का चुनाव जिले और महानगर के नव निर्वाचित मंडल अध्यक्ष और मंडलों के जिला प्रतिनिधि करेंगे। इसके अलावा चुनाव से पहले इसे लेकर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की राय भी ली जाएगी। चुनाव के परिणाम की घोषणा बाद में की जाएगी। चुनाव अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कर संभावित अध्यक्षों सूची बनाकर लखनऊ ले जाएंगे। परिणाम प्रदेश नेतृत्व की ओर से बाद में घोषित किया जाएगा।
पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़
महानगर के 10 मंडलों में से अबतक केवल छह के अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि चुने जा सके हैं, ऐसे में चुनाव प्रक्रिया में यही प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसी तरह जिले के 29 मंडलों में 24 के अध्यक्ष और 19 के जिला प्रतिनिधि चुने जा सके हैं, सो यही चुने प्रतिनिधि चुनाव प्रक्रिया में प्रतिभाग करेंगे। जिलाध्यक्ष का चुनाव जिला चुनाव अधिकारी अशोक चौरसिया की देखरेख में सम्पन्न होगा। बुधवार को सुबह से भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही।
राहुल श्रीवास्तव की दावेदारी बरकरार, जर्नादन रेस से बाहर
चुनाव से पहले जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष को लेकर कयासबाजी और जोर-आजमाइश का सिलसिला मंगलवार को खूब चला। जहां तक रहा वर्तमान जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के फिर से दावेदारी की सवाल, तो जनार्दन तिवारी दो बार अध्यक्ष हो जाने के बाद रेस से पहले ही बाहर हैं क्योंकि पार्टी के नियम के मुताबिक कोई भी जिलाध्यक्ष एक बार में दो से अधिक बार अध्यक्ष नहीं बन सकता। उधर, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव की दावेदारी बरकरार है। वैसे जिलाध्यक्ष की दौड़ में करीब आधा दर्जन लोग शामिल हैं। महानगर अध्यक्ष पद के लिए करीब दस लोग दावेदारी कर रहे हैं।