विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी चुनाव 2027: सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर से बिगुल फूंकेंगे नितिन नवीन, युवाओं से भी करेंगे संवाद

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:16 PM (IST)

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 नवंबर को गोरखपुर से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए होगा भाजपा का शक्ति प्रदर्शन।

'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए होगा भाजपा का शक्ति प्रदर्शन।

HighLights

  1. नितिन नबीन गोरखपुर से 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान का करेंगे आगाज।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में रहेंगे मौजूद, देंगे संदेश।

  3. यह अभियान 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देगा धार।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव-2027 की रणभेरी बजने से पहले भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से पूरे प्रदेश में सियासी संदेश देने की तैयारी में है। शहर में चार नवंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे महज संगठनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि चुनावी तैयारी को धार देने के बड़े राजनीतिक अभियान के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी इस कार्यक्रम को और महत्वपूर्ण बनाएगी। पदयात्रा, युवा संवाद और प्रबुद्धजनों के साथ बैठक के जरिए भाजपा एक साथ संगठन की ताकत दिखाने, विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने और चुनावी एजेंडे को धार देने की कोशिश करेगी।

कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चार नवंबर की सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सुबह 10:30 बजे वह एमपी इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंचेगे, जहां अभियान के तहत जनसभा आयोजित है। सभा के बाद जिला परिषद गेट से निकलकर कलेक्ट्रेट चौराहा, गोलघर होते हुए काली मंदिर तक पदयात्रा होगी।

भाजपा इस पदयात्रा को राजनीतिक संदेश के साथ जनसंपर्क का माध्यम भी बनाएगी। जनसभा व पदयात्रा में, मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी भी मौजूद रहेंगे।

काली मंदिर तिराहे पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में युवाओं से संवाद करेंगे। शाम तीन बजे प्रस्तावित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।

इसके बाद एनेक्सी भवन में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक और रात में जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत व भोज का कार्यक्रम निर्धारित है। पांच नवंबर की सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरखनाथ मंदिर में बाबा गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद संघ कार्यालय माधवधाम जाएंगे।

सजाया जाएगा शहर व प्रवेश द्वार

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस चुनावी कार्यक्रम के लिए भाजपा की ओर से शहर के सभी चौक-चाैराहों व मार्गों को सजाने की योजना बनाई गई है। शहर के प्रवेश द्वार पर तोरणद्वार लगाए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन मार्ग से लेकर पदयात्रा मार्ग पर 36 स्थानों पर स्वागत की तैयारी है। इसके लिए पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

अभियान को लेकर भाजपा ने कसी कमर

बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता की अध्यक्षता में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर बैठक हुई। इसमें चार नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गोरखपुर आगमन की तैयारियों पर चर्चा की गई।

कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने, जनसंपर्क तेज करने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की रूपरेखा बनाई गई। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राव ने कहा कि पदयात्रा और जनसंवाद के माध्यम से अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।

महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत भव्य बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समन्वय के साथ जुटें। क्षेत्रीय महामंत्री राहुल श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। बैठक का संचालन महानगर महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने किया "भारत आंतरिक इमरजेंसी 1975" पुस्तक का विमोचन, आपातकाल के संघर्षों को किया याद