विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हत्यारोपित के समर्थन में उतरी निषाद पार्टी, आरोपित के घर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष

By Pradeep SrivastavaEdited By:
Published: Wed, 01 Dec 2021 11:04 AM (IST)Updated: Thu, 02 Dec 2021 08:12 AM (IST)

गोरखपुर के अंकुर शुक्ला हत्याकांड में पहले दिन पीड़ित परिवार जो आरोप लगा रहा है वह धीरे-धीरे साबित होता दिख ...और पढ़ें

हत्‍यारोप‍ितों के पर‍िजन से म‍िलते निषाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी इंजीनियर श्रवण निषाद। - जागरण
हत्‍यारोप‍ितों के पर‍िजन से म‍िलते निषाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी इंजीनियर श्रवण निषाद। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। रामगढ़ताल के रामपुर निवासी अंकुर शुक्ला हत्याकांड में पहले दिन पीड़ित परिवार जो आरोप लगा रहा है, वह धीरे-धीरे साबित होता दिख रहा है। अब आरोपितों के पक्ष में निषाद पार्टी भी उतर गई है। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल निषाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी इंजीनियर श्रवण निषाद पार्टी के कई नेताओं के साथ रामपुर में आरोपित अवधेश के घर पहुंच गए। अचानक पहुंची सैकड़ों की भीड़ से पीड़ित परिवार का एक बार फिर खौफजदा हो गया है।

ऐसे हुई थी हत्‍या

बता दें रामगढ़ताल के रामपुर निवासी अंकुर शुक्ला की 22 नवंबर को मनबढ़ों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई थी। मृतक अंकुर के बड़े भाई राहुल ने आरोप लगाया था कि कुछ बड़े नेताओं के दबाव में पुलिस ने जबरिया समझौता करा दिया था। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि इस प्रकरण में पुलिस शुरू से ही कुछ बड़े नेताओं के दबाव में काम कर रही है। मुख्य आरोपित ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया। दूसरे आरोपित को पुलिस ने पूरी सहानुभूति के साथ कोर्ट में पेश किया।

पहले ही दिन अंकुर शुक्ला के स्वजन लगा रहे आरोप बड़े नेताओं के दबाव में हुआ था समझौता

मनबढ़ों के खौफ से पीड़ित परिवार ने मकान बेचने के लिए घर पर पोस्टर चस्पा कर दिया है। राहुल शुक्ला का आरोप है कि ऐसे आरोपित के घर निषाद पार्टी के नेताओं के पहुंचने से उनके हौसलों को प्रश्रय मिलेगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अंकुर शुक्ला के पिता महेन्द्र नाथ शुक्ला, बड़े भाई राहुल शुक्ला, आंजनेय शुक्ला धरने पर बैठे थे। चिल्लूपार से बसपा विधायक विनय शंकर तिवारी सहित सपा नेता भी धरने के समर्थन में नजर आए थे।

बेगुनाह निषादों पर जुल्म बंद करे पुलिस : सरवन निषाद

निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल निषाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी इंजीनियर सरवन निषाद ने कहा कि अंकुर शुक्ला की हत्या दुखद है। पुलिस दोषियों पर कार्रवाई करें, लेकिन इस ओट में बेगुनाह निषाद समुदाय के लोगों को प्रताड़ित करना गलत है। इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंकुर शुक्ला हत्याकांड में जो गुनहगार हैं, उन्हें सजा दिया जाए, लेकिन जिन्होंने मारपीट की ही नहीं, अज्ञात के नाम पर उन्हें परेशान करना ठीक नहीं है। इसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा।

अंकुर के स्वजन को न्याय दिलाने के लिए लखनऊ तक लड़ेंगे लड़ाई

उधर, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री और अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा केसी पाण्डेय ने कहा कि अंकुर शुक्ला के स्वजन को न्याय दिलाने के लिए ब्राह्मण समाज लखनऊ तक इस लड़ाई को लड़ेगा। उन्होंने कहा कि हत्यारोपितों को कुछ नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। नेता की गाड़ी में बैठकर हत्यारोपित ने आत्मसमर्पण किया और दूसरे आरोपित को नेताओं ने ही थाने पहुंचाया है। ऐसे में कहां से न्याय की उम्मीद की जा सकती है।

पूर्व राज्यमंत्री टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष ब्राह्मण महासभा, परशुराम सेना, महिला ब्राह्मण सभा की ओर से अंकुर शुक्ला हत्याकाण्ड के विरोध में आयोजित धरने को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंकुर शुक्ला के स्वजन को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व शस्त्र लाइसेंस दिया जाए। धरने में अनुप पाण्डेय, ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शुक्ला सहित डा. एसके शुक्ला, प्रशांत पाण्डेय, पंकज चतुर्वेदी, संतोष उपाध्याय, सत्येंद्र भट्ट, सुनीता शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा आदि उपस्थित रहे।