गोरखपुर के चिडिय़ाघर में रहेंगे किंग कोबरा समेत नौ प्रजाति के सांप Gorakhpur News
चिडिय़ाघर के सर्पेंटेरियम में पायथन किंग कोबरा कोबरा चेकर्ड किल बैक रैट स्नेक सैंड बोआ पिट वाइपर रसेल वाइपर बोआ प्रजाति के सांप रखे जाएंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। निर्माणाधीन शहीद अशफाकउल्लाह खां प्राणि उद्यान (चिडिय़ाघर) के सर्पेंटेरियम में दर्शक नौ प्रजाति के सांप देख सकेंगे। इसके लिए चिडिय़ाघर में 10 बाड़े बनाए जा रहे हैं। नौ बाड़ों में नौ प्रजाति के सांप रहेंगे तो 10वें बाड़े में विभिन्न स्थानों से पकड़े जाने वाले सांपों को रखा जाएगा।
लगाया जाएगा एयर कंडीशन
आमतौर पर तापमान के अंतराल में खुद को ढालने के लिए सांप बिल का सहारा लेते हैं। चूंकि चिडिय़ाघर के सर्पेंटेरियम में बिल की सुविधा नहीं होगी, इसलिए तापमान को नियंत्रित रखने के लिए एयर कंडीशन लगाया जाएगा।
सांप के लिए आदर्श तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस
चिडिय़ाघर के सहायक वन संरक्षक संजय मल्ल के मुताबिक सांप के लिए आदर्श तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है। सांप को प्राकृतिक वातावरण देने के लिए बाड़े की छत पारदर्शी बनाई जाएगी, जिससे उन्हें दिन और रात का अहसास हो सके।
चिडि़या घर में रखे जाएंगे इस प्रजाति के सांप
उन्होंने बताया कि चिडिय़ाघर के सर्पेंटेरियम में पायथन, किंग कोबरा, कोबरा, चेकर्ड किल बैक, रैट स्नेक, सैंड बोआ, पिट वाइपर, रसेल वाइपर, बोआ प्रजाति के सांप रखे जाएंगे।
नौकायन पर शौचालय बनकर तैयार
नौकायन और नया सवेरा पर अत्याधुनिक शौचालय बनकर तैयार हो गया है। नौकायन पर शौचालय का निर्माण नगर निगम और नया सवेरा पर जीडीए ने कराया है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने कहा कि जल्द ही शौचालय आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। अत्याधुनिक शौचालय में महिलाओं, पुरुषों, दिव्यांगों के साथ ही ब'चों के लिए यूरिनल की भी सुविधा है।