छात्रा की हत्या के खिलाफ गोरखपुर में करणी सेना के नेतृत्व में डेढ़ घंटे जाम रहा राष्ट्रीय राजमार्ग
गोरखपुर में बीते बीस अगस्त को छात्रा काजल को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। छात्रा के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना राजपूत के नेतृत्व में नागरिकों ने भलुआन के राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर के गगहा के जगदीशपुर भलुआन निवासी राजीव नयन सिंह को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना राजपूत के नेतृत्व में नागरिकों ने भलुआन के राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। एसएसपी के आश्वासन पर डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त किया। एसएसपी ने यह भी कहा है कि वह पीड़ित परिवार के घर जाकर भी उनसे मुलाकात करेंगे।
एसएसपी के आश्वासन पर आंदोलनकारियों ने हटाया जाम
राजीव नयन सिंह की पुत्री काजल को बीते 20 अगस्त की रात गांव के ही विजय प्रजापति ने गोली मार दी थी। 25 अगस्त की सुबह काजल की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी ने राजीव नयन सिंह से मुलाकात की और पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए दोपहर डेढ़ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। राकेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि एक दिन पूर्व उनकी जिलाधिकारी से वार्ता हुई है, उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। आंदोलनकारी मौके पर डीएम को बुलाने की जिद पर अड़े थे।
इस दौरान गगहा थाने की पुलिस आंदोलनकारियों को समझाने बुझाने में जुटी थी। करीब तीन बजे गगहा के अतिरिक्त निरीक्षक राम भवन यादव ने एसएसपी डा. विपिन कुमार ताडा से राकेश सिंह रघुवंशी की बात कराई। एसएसपी ने बताया कि आरोपित जल्द गिरफ्तार होंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित स्वजन से उनकी पूरी सहानुभूति है। वह उनसे मिलकर आरोपितों के जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाएंगे। बता दें रविवार को करणी सेना के दूसरे गुट के करणी भारत सेना के वीरू सिंह हाईवे जाम करने वाले थे, लेकिन एसपी साउथ के आश्वासन के बाद वह मान गए थे।
स्वजन को बंधाया ढांढस
सोमवार सुबह उपजिलाधिकारी बांसगांव विनय कुमार पांडेय, हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पीयूष कांत वर्मा राजीव नयन के घर पहुंच कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि वह पीड़ित स्वजन के साथ हैं।
मुख्य आरोपित की मां गिरफ्तार
गगहा पुलिस ने काजल के हत्या के आरोप में सोमवार सुबह बड़गो तिराहे से मुख्य आरोपित विजय प्रजापति की जयंती देवी निवासिनी जगदीशपुर भलुआन को गिरफ्तार किया है। घटना में वह भी साजिश रचने की आरोपित है। घटना में विजय व उसकी मां सहित चार नामजद आरोपित व एक अज्ञात है।