गीडा का लैंड बैंक बढ़ाएं, उद्यमियों के लिए तैयार करें प्लान, धुरियापार में अधिग्रहण तेज करने के निर्देश
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने गीडा कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा की।

गीडा कार्यालय में समीक्षा बैठक करते उद्योग मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी व मौजूद सीईओ गीडा अनुज मलिक तथा अन्य अधिकारी। जागरण
HighLights
मंत्री नंदी ने गीडा विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
लैंड बैंक बढ़ाने, उद्यमियों हेतु सुनियोजित प्लान बनाने के निर्देश।
ऑनलाइन व्यवस्था सुदृढ़ करने, फ्लैट फैक्ट्री आवंटन पर जोर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने रविवार को गीडा कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गीडा का लैंड बैंक बढ़ाने के साथ उपलब्ध भूमि के अनुरूप उद्यमियों के लिए सुनियोजित प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में उद्यमी निवेश को इच्छुक हैं। ऐसे में उन्हें समय से भूमि उपलब्ध कराने के लिए गीडा को पहले से तैयारी करनी होगी।
सेक्टर सात स्थित गीडा कार्यालय में हुई बैठक में मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति जानी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 98 हेक्टेयर के लक्ष्य के सापेक्ष अभी 45 हेक्टेयर का लैंड बैंक तैयार है। धुरियापार में धरौरा, दादूपुर, नारायणपुर खुर्द, गजपुर सहित अन्य गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। किसानों से बैनामा भी कराया जा रहा है।
मंत्री ने निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई जिलाधिकारी के सहयोग और मार्गदर्शन में तेजी से पूरी कराई जाए। उन्होंने कहा कि लैंड बैंक मजबूत होने से नए निवेश प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी। उपलब्ध भूमि के उपयोग के लिए पहले से सेक्टरवार और उद्योगवार योजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
आनलाइन दिखे फाइल का पूरा स्टेटस
मंत्री ने गीडा की आनलाइन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कहा कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि उद्यमी घर बैठे अपनी फाइल का पूरा स्टेटस देख सके। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और उद्यमियों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश का बेहतर माहौल बना है। बड़ी संख्या में उद्यमी यहां निवेश करना चाहते हैं। इसलिए गीडा को बेहतर मास्टर प्लान के साथ आगे बढ़ना होगा, ताकि निवेशकों को समय से भूमि और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
35 लाख रुपये में मिलेगी फ्लैटेड फैक्ट्री
बैठक में फ्लैटेड फैक्ट्री के आवंटन पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि एक इकाई 35 लाख रुपये में उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा सेक्टर 15 स्थित जुरियान में 190 एकड़ भूमि से जुड़े न्यायालयी मामले की भी जानकारी मांगी। अधिकारियों की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित न्यायालयी मामलों की नियमित निगरानी और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा, संकल्प एवं स्वच्छता अभियान की तैयारी
मंत्री ने 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा, संकल्प एवं स्वच्छता अभियान के तहत गीडा कार्यालय को सजाने, दीप जलाने और आमजन को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राम प्रकाश, सत्यपाल भाटी, केएन श्रीवास्तव, धीरेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश यादव, विवेक वर्मा, बृजेश अग्रहरि, अभिषेक सिंह, कपिल शर्मा, एनके जायसवाल आदि मौजूद रहे।
रिसेप्शन कक्ष में मिलेगी उद्यमियों को जानकारी
मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने रविवार को गीडा कार्यालय में रिसेप्शन कक्ष का उद्घाटन किया। यहां गीडा आने वाले उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी। समस्या होने पर संबंधित स्तर पर समाधान की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इससे उद्यमियों को अलग-अलग कार्यालयों में भटकना नहीं पड़ेगा।
कोर्ट के मामलों में बरतें गंभीरता
सेक्टर 15 के जुरियान में 190 एकड़ भूमि के आवंटन से जुड़े न्यायालयी प्रकरण की तारीख मंत्री ने पूछी। अधिकारियों के अस्पष्ट जवाब पर उन्होंने नाराजगी जताई। निर्देश दिया कि गीडा के सभी न्यायालयी मामलों की अद्यतन जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों के पास रहे और मामलों की प्रभावी पैरवी की जाए।
