कांग्रेस में ब्लाक अध्यक्षों के नाम तय, जानें-कब होगी घोषणा
जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि पारदर्शी तरीके से ब्लाक अध्यक्षों के पद के लिए तीन नाम चुने गए थे। अब इनमें से एक नाम तय हुआ है। उन्होंने संगठन को गतिशील बनाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
गोरखपुर,जेएएन। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस ने ब्लाक अध्यक्षों का नाम तय कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने सूची प्रदेश नेतृत्व को भेज दी है। वहां से निर्णय लेने के बाद इसे प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा के पास भेजा जाएगा। 17 अक्टूबर के पहले ब्लाक अध्यक्षों के नाम की घोषणा करनी है। जिला कांग्रेस कमेटी की ट्रांसपोर्टनगर में हुई बैठक में गोरखपुर मंडल के प्रभारी त्रिभुवन नारायण मिश्र ने कहा कि काम करने वाले को ही महत्व दिया जाएगा। बिना काम करने वालों को यदि गलती से पद मिल गया तो उन्हें हटा भी दिया जाएगा।
हर ब्लाक से तीन नाम प्रस्तावित
जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि पारदर्शी तरीके से ब्लाक अध्यक्षों के पद के लिए तीन नाम चुने गए थे। अब इनमें से एक नाम तय हुआ है। उन्होंने संगठन को गतिशील बनाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है। संगठन में सक्रिय लोगों को ही स्थान मिलेगा। काफी विचार विमर्श के बाद ही नामों का चयन किया गया है, ताकि किसी को कहीं से कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पार्टी का अगला टार्गेट विधान सभा चुनाव है। प्रत्येक कार्यकर्ता की यह जिम्मेदारी है कि वह पार्टी को आगे बढ़ाने में पूरे तन मन से लग जाए। आने वाला समय कांग्रेस का है। यही कारण सभी दल कांग्रेस से घबरा रहे हैं। हमें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। इसके लिए जनता की जरूरत और आवश्यकताओं को देखते हुए समय समय पर धरना, पदर्शन और आंदोलन करना होगा।
इस दौरान राजेश यादव, अनिल सोनकर, डा. सुनील तिवारी, मोनिका पांडेय, निर्मला गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी की निंदा
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी की कांग्रेसियों ने निंदा की है। उन्हें महराजगंज की अंजली तिवारी को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अंजली ने मंगलवार को लखनऊ में विधान भवन के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी। चारु चंद्रपुरी कालोनी में हुई बैठक में महेंद्र मोहन, जिला महासचिव अनिल सोनकर, मनीष कुमार गौतम, प्रभु प्रसाद, नवीन कुमार, रामयस आदि मौजूद रहे।