खेत से सांड़ भगाने के विवाद में युवती की हत्या Gorakhpur News
शुक्रवार की रात गांव के अमरनाथ तिवारी के खेत में सांड़ चला गया था। वह बोई गई फसल को चर रहा था। इस दौरान अमरनाथ का नाबालिग भांजा वहां पहुंच गया। उसने साड़ को खेत से भगाकर नंदलाल के खेत में कर दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर में खेत से बेसहारा पशु भगाने के विवाद में शुक्रवार रात कुछ व्यक्तियों ने गांव के नंदलाल की बेटी 18 वर्षीया प्रेमलता के पेट में गुप्ती (नुकीला छड़) घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने दो बाल अपचारी समेत तीन व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें एक बाल अपचारी व एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
शुक्रवार की रात गांव के अमरनाथ तिवारी के खेत में सांड़ चला गया था। वह बोई गई फसल को चर रहा था। इस दौरान अमरनाथ का नाबालिग भांजा वहां पहुंच गया। उसने साड़ को खेत से भगाकर नंदलाल के खेत में कर दिया। इस बात को लेकर नंदलाल की पत्नी, बेटी प्रेमलता का अमरनाथ के परिवार के लोगों से विवाद हो गया। विवाद किसी तरह शांत हुआ, लेकिन थोडी देर बाद अमरनाथ के दोनों भांजे (एक 15 वर्षीय, दूसरा 16 वर्षीय) व अमरनाथ ने इसे लेकर नंदलाल के परिवार से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अमरनाथ के बड़े भांजे ने 18 वर्षीया प्रेमलता के पेट में गुप्ती घोंप दी। आनन-फानन में प्रेम लता को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से नाराज लोगों ने अमरनाथ के ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया। एहतिहातन रात में ही गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। मृतका की माता फुलवासी देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अमरनाथ तिवारी व ननिहाल में रह रहे उसके दो भांजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अमरनाथ सहित एक बाल अपचारी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। बाद में मौके पर पहुंचे एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी श्यामदेव विंद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि मुख्य आरोपित सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। गांव में पूरी तरह शांति बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक मृतका का पिता बैंकाक रहता है। घटना के समय उसके घर पर सिर्फ उसकी मां व दो भाई मौजूद थे।