गोरखपुर में जलभराव: अंडरपास में फंसी भाजपा एमएलसी की BMW कार, लंबा जाम लगा तो बुलाई गई क्रेन
गोरखपुर के नन्दानगर अंडरपास में जलभराव के कारण भाजपा एमएलसी सीपी चंद की बीएमडब्ल्यू कार फंस गई, जिससे छह घंटे ...और पढ़ें

HighLights
एमएलसी की बीएमडब्ल्यू नन्दानगर अंडरपास में जलभराव के कारण फंसी।
गोरखपुर-कसया मार्ग पर छह घंटे तक यातायात बाधित रहा।
रात में क्रेन से कार निकाली गई, एमएलसी दूसरे वाहन से गए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नंदानगर अंडरपास में रविवार को जलभराव के कारण भाजपा एमएलसी सीपी चंद की बीएमडब्ल्यू कार फंस गई। बताया जा रहा है कि एमएलसी एयरपोर्ट जा रहे थे। अंडरपास में पानी अधिक होने के कारण कार का सेंसर खराब हो गया और वाहन बीच रास्ते में बंद हो गया।
कार के फंसने से चार पहिया वाहनों का आवागमन रुक गया और गोरखपुर-कसया मार्ग पर करीब छह घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में एमएलसी दूसरे वाहन से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। रात करीब नौ बजे क्रेन की मदद से कार को अंडरपास से बाहर निकाला गया इसके बाद जाम खत्म हुआ।
शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद रविवार सुबह शहर के अधिकांश हिस्सों से जलभराव खत्म हो गया था, लेकिन नंदानगर अंडरपास में पानी जमा रहा। इसकी जानकारी नहीं होने के कारण एयरपोर्ट जा रहे एमएलसी सीपी चंद की कार अंडरपास में उतर गई।
जलभराव होने के कारण कार का सेंसर खराब हो गया और वह बंद हो गई। कार बीच रास्ते में बंद होने की वजह से अंडरपास से चार पहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। दो पहिया वाहन जोखिम उठाकर पानी के बीच से निकलते रहे।
नंदानगर क्रासिंग बंद होने से वाहनों की कतार एम्स गेट नंबर-2 तक पहुंच गई। यातायात पुलिस और एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे तक यातायात व्यवस्था संभालती रही। रात करीब नौ बजे कार को क्रेन से कार को बाहर निकाला गया इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
धर्मशाला अंडरपास में बंद रहा आवागमन
धर्मशाला अंडरपास में भी पानी जमा होने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद रहा। जबकि, कौवाबाग अंडरपास में पानी होने की जानकारी नहीं होने पर कई वाहन उस मार्ग से जाने के लिए पहुंचे और पानी देखकर वापस लौट गए। इससे शहर के इन प्रमुख मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
