40 दिन के भीतर किशोरी से दोबारा दुष्कर्म, आरोपित फरार, जानें-क्या रही पुलिस Gorakhpur News
नाबालिग छात्रा 12 नवंबर की शाम को घर के सामने बने शौचालय में गई हुई थी। इसी दौरान गांव का मनबढ़ युवक शौचालय में घुस गया और छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
गोरखपुर, जेएनएन। चौरीचौरा क्षेत्र के एक गांव में कक्षा नौ की छात्रा के साथ मनबढ़ युवक ने 40 दिन के भीतर दूसरी बार दुष्कर्म कर सनसनी फैला दी। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले के दो दिन बाद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार कक्षा नौ की नाबालिग छात्रा 12 नवंबर की शाम को घर के सामने बने शौचालय में गई हुई थी। इसी दौरान गांव का मनबढ़ युवक शौचालय में घुस गया और छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण
छात्रा के शोर मचाने पर परिजनों संग पड़ोसियों को आता देखकर युवक भागा। परिजनों ने पीछा कर युवक को दबोच लिया और जमकर धुनाई की तथा घटना की जानकारी पुलिस को दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित युवक फरार हो गया।
अक्टूबर में भी इसी किशोरी से किया था दुष्कर्म
इस युवक ने बीते तीन अक्टूबर को भी नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था। घटना के दूसरे दिन मां के साथ पीडि़ता थाने पर पहुंची और आरोपित युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी लेकिन पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज करने में दो दिन लगा दिए।