पति की मौजूदगी में प्रेमी के साथ चली गई विवाहिता, मां के समझाने पर भी नहीं पड़ा असर Gorakhpur News
पुलिस ने विवाहिता और उसके प्रेमी को थाने में बुलाया। थाने पर ही विवाहिता की मां और उसके पति को भी बुलाया गया। मां ने अपने बेटी को काफी समझाया पर वह नहीं मानी। वह प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
गोरखपुर, जेएनएन। घघसरा पुलिस चौकी अंतर्गत एक गांव की विवाहिता शुक्रवार को पति की मौजूदगी में प्रेमी के साथ चली गई। कुछ दिनों पहले वह घर से गायब हो गई थी। पता चला कि वह मायके के अपने प्रेमी के साथ गई है। उसकी मां ने सहजनवां थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने विवाहिता और उसके प्रेमी को थाने में बुलाया। थाने पर ही विवाहिता की मां और उसके पति को भी बुलाया गया। मां ने अपने बेटी को काफी समझाया, पर वह नहीं मानी। वह प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। काफी समझाने के बाद भी जब नहीं मानी तो पुलिस ने राजीनामा लिखवाकर उसे प्रेमी के साथ भेज दिया। चौकी इंचार्ज घघसरा रामप्रवेश सिंह ने कहा कि दोनों बालिग हैं। ऐसे में पुलिस क्या कर सकती है।
आठ घंटे के बाद मिलीं घर से गायब बालिकाएं
कैंपियरगंज नगर पंचायत चौमुखा के गौरीपुर से शुक्रवार सुबह 11 बजे घर से संदिग्ध परिस्थिति में गायब हुई दो बालिकाएं आठ घंटे बाद पुलिस की मदद से लेहड़ा मंदिर पर मिलीं। पुलिस ने उन्हें स्वजन को सौंप दिया। नगर पंचायत चौमुखा के गौरीपुर से 10 वर्षीया व व 14 वर्षीया बालिकाएं गायब हो गई। उनमें से एक मोबाइल फोन भी ले गई थी। स्वजन ने शाम को पुलिस को सूचना दी। सर्विलांस की मदद से पुलिस घंटेभर के भीतर बालिकाओं को तलाशते हुए लेहड़ा मंदिर के पास पहुंच गई। वहां दोनों अपने एक रिश्तेदार के यहां जा रही थीं। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि घंटेभर के भीतर दोनों बालिकाएं पकड़ ली गईं। बालिका ने बताया उसकी मां ने किसी बात को लेकर उसकी पिटाई कर दी थी। इससे वह नाराज होकर घर से निकल गई थी।
शव की सूचना पर दौड़ी पुलिस, साड़ी में मिला कुत्ते का शव
कैंपियरगंज क्षेत्र में किसी व्यक्ति ने शाम को पुलिस को फोन पर सूचना दी कि थाना क्षेत्र के गोपलापुर में एक युवती की हत्या कर दी गई है। उसका शव साड़ी में लपेटकर फेंक दिया गया है। पुलिस मौके पर गई तो पता चला कि शव महिला का नहीं बल्कि कुत्ते का था।