Gorakhpur Festival: स्टाइल स्टेटमेंट बन रहा खादी कपड़ा, रैंप पर दिखा खादी का जलवा
खादी फैशन शो में पहला सेगमेंट टसर सिल्क में डिजाइनर रूना बैनर्जी द्वारा डिजाइन किए परिधानों का रहा। शो स्टापर डिंपल पटेल समेत मुंबई व दिल्ली से आए माडल्स ने लहंगा सूट गरारा कुर्ता व शेरवानी में पारम्परिक भारतीय परिधानों में वाक कर लोगों का मन मोह लिया।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर महोत्सव के पहले दिन की शाम खादी के नाम रही। पद्मश्री रूना बैनर्जी व अन्य अंतरराष्ट्रीय ख्याति के डिजाइनरों के ओर से तैयार वस्त्रों में शो स्टापर मिस इंडिया डिंपल पटेल समेत प्रोफेशनल माडल जब कैटवाक के लिए रैंप पर उतरे तो नई स्टाइल स्टेटमेंट बन रही खादी का जलवा देखते ही बन रहा था।
खादी फैशन शो के जरिये प्रदेश सरकार की वह कोशिश भी साकार होती नजर आई जिसमे वह इस स्वदेशी उत्पाद को बढ़ावा देकर इससे जुड़े लोगों का जीवन स्तर उन्नत करने में जुटी है। किसान के उत्पाद से से फैब्रिक और फैब्रिक से स्थानीय उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय ख्याति व बड़ा बाजार दिलाने की योगी सरकार की खादी फैशन शो के जरिए यह पहल गोरखपुर महोत्सव में जुटे लोगों के दिल मे उतर गई। उत्तर प्रदेश खादी बोर्ड की पहल पर यह ऐसा शो था जिसमे भारतीय संस्कृति व परम्परा के अनुरूप विशुद्ध स्वदेशी वस्त्रों की धूम रही।
आधुनिकता व परंपरा का संगम बना शो
परंपरा और सलीके की आधुनिकता के इस संगम में मुंबई और दिल्ली से आए माडल का रैंप पर वाक खचाखच भरे समारोह स्थल में मौजूद लोगों को राष्ट्रीयता के आवरण में सुखद लग रहा था। इस फैशन शो में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का खादी को जन जन की दैहिक भाषा बनाने का सपना साकार हो रहा था तो वह कालजयी उक्ति भी चरितार्थ लग रही थी कि खादी वस्त्र नहीं विचार है।
नजर आए पारंपरिक भारतीय परिधान
खादी फैशन शो में पहला सेगमेंट टसर सिल्क में डिजाइनर रूना बैनर्जी द्वारा डिजाइन किए परिधानों का रहा। शो स्टापर डिंपल पटेल समेत मुंबई व दिल्ली से आए माडल्स ने लहंगा, सूट, गरारा, कुर्ता व शेरवानी में पारम्परिक भारतीय परिधानों में वाक कर लोगों का मन मोह लिया। दूसरे सेगमेंट में डिजाइनर रुचिका रस्तोगी गुप्ता के आई वियर खादी ब्रांड के इंडो वेस्टर्न कलेक्शन में माडल्स रैंप पर उतरे।
वेडिंग कलेक्शन का दिखा जलवा
खादी फैशन शो के आखिरी सेगमेंट में लखनऊ की डिजाइनर अस्मा हुसैन की खादी में शादी कलेक्शन (वेडिंग कलेक्शन) पर गोरखपुर महोत्सव की शाम सजी महफिल चहक उठी। इसमें माडल्स ने खादी में तैयार दुल्हन साथ ही शादियों के लिए मेहमानों के परिधान में रैंप पर वाक किया।
तनूरा नृत्य पर झूम उठे लोग
खादी फैशन शो के दौरान सूफीयाना भारतीय संगीत पर तनूरा नृत्य की प्रस्तुति पर सभी लोग झूम उठे। यार मेरी ओ यार मेरी सूफी गीत पर विशेष प्रकार के नृत्य की इस प्रस्तुति के दौरान लोग लगातार ताली बजाते रहे।
कोरोना काल में भारत में पहला लाइव इवेंट
खादी फैशन शो के डायरेक्टर पल्लव बोस ने बताया कि कोरोना काल में यूपी के गोरखपुर में पहला लाइव इवेंट हो रहा है। यह संभव हुआ है उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दृढ़ इच्छाशक्ति व सकारात्मक सोच से। शो के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।