Gorakhpur Accident: अंतिम संस्कार से लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई, तीन की मौत; आठ लोग गंभीर
घटना गोला के परसिया चौराहे पर हुई। पिकअप सवार लोग अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। इसी दौरान बिजली के पोल से पिकअप अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में तीन लोगों ने जांन गंवा दी जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र के गोपालपुर-माल्हनपार मार्ग पर स्थित परसिया रावत गांव के पास बुधवार की रात 10 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार से लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। घटना में पिकअप सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी गोला भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
यह है पूरा मामला
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के पिड़रा महदेवा बाजार के रहने वाले एक दर्जन लोग बुधवार को गोला कस्बा स्थित सरयू घाट पर मृत महिला का अंतिम संस्कार करने गए थे। अंत्येष्टि के बाद वे पिकअप से वापस गांव जा रहे थे। चीनी मिल रोड पर परसिया रावत गांव के पास अनियंत्रित होकर पिकअप बिजली के खंभे से टकरा गई। पिकअप में बैठे लोगों में तीन की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इनकी हुई मौत
मृतकों की पहचान सिकरीगंज के उड़री निवासी 75 वर्षीय रामलखन पुत्र भगेलू , 14 वर्षीय किशन पुत्र अक्षय तथा पिड़रा महदेवा निवासी 65 वर्षीय विश्वनाथ पुत्र छेदी के रूप में हुई।
हादसे में ये लोग हुए घायल
पुलिस ने घायलों को तीन एंबुलेंस से सीएचसी गोला भिजवाया। घायलों की पहचान पिड़रा महदेवा निवासी 65 वर्षीय श्रीराम, 55 वर्षीय रामनवल और 17 वर्षीय सूरज, 25 वर्षीय किसन, 16 वर्षीय प्रिंस, 15 वर्षीय हिमालय, 20 वर्षीय सोनू व 60 वर्षीय कुल्लूर के रूप में हुई। इसमें श्रीराम, रामनवल व सूरज की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। गोला पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है।