MahaShivratri : सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक ; शिवालयों में उमड़े श्रद्घालु, गूंजा जयघोष Gorakhpur News
महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। जयघोष के बीच भगवान शिव के चरणों में अपनी आस्था व श्रद्धा निवेदित की।
गोरखपुर, जेएनएन। महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। जयघोष के बीच भगवान शिव के चरणों में अपनी आस्था व श्रद्धा निवेदित की। दूध व जल से भोले बाबा का अभिषेक कर मंगलकामना की। शिव मंदिरों पर मेला लगा हुआ है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने शक्ति पीठ में महाशिवरात्रि के अवसर पर रुद्राभिषेक किया।
भोर से ही लग गई श्रद्धालुओं की लाइन
भोर में ही महादेव झारखंडी मंदिर, कूड़ाघाट व मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, राजघाट सहित महानगर के सभी शिव मंदिरों पर श्रद्धालु पहुंचने लगे। भांग, धतूर, बेल पत्र, बेर, गन्ना व पुष्प आदि से पूजन-अर्चन कर दूध या जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। भोर में ठंड थी लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था। मंदिरों के रास्ते श्रद्धालुओं से खचाखच भरे हैं। घंटा-घडिय़ाल की गूंज के साथ हर हर महादेव का जयघोष गूंजता रहा।
महादेव झारखंडी व मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पर सफाई की व्यवस्था दुरुस्त दिखी। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। साथ ही स्वयंसेवी संस्थाएं भी प्रशासन की मदद कर रही हैं।
मंदिरों पर की गई विशेष व्यवस्था
मंदिर में अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार बनाए गए हैं। इसके अलावा गोरखनाथ मंदिर सहित महानगर के सभी शिव मंदिरों में वहां के आसपास के श्रद्धालु गए और भोले बाबा का जलाभिषेक किया। महादेव झारखंडी व मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पर मेला लगा हुआ है। श्रद्धालुओं ने जरूरत के सामान खरीदे। महादेव झारखंडी के मेले में सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने, घरेलू सामग्री, मूर्तियां, चीनी मिट्टी व फाइबर के बर्तन, मिठाई व चाट की दुकानों के अलावा बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए हैं।
अवधूत छबीलेराम ने किया पार्थिव पूजन
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अघोर पीठ पर महाशिवरात्रि पर्व पर मिट्टी का पार्थिव शिवलिंग बनाकर उसका विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। सर्वप्रथम पूजन पीठ प्रमुख अवधूत छबीलेराम ने किया। अघोरेश्वर भगवान राम की वाणी का पाठ व शिव आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।