Highlights Coronavirus Gorakhpur News: गोरखपुर में पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत 68 लोग कोरोना की चपेट में, अब तक 1275 संक्रमित
Live Coronavirus Gorakhpur News Updates 22 July 2020 गोरखपुर-बस्ती मंडल की खबरों को जानने के लिए बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में बुधवार को कोरोना संक्रमण के कुल 344 नमूनों की जांच हुई। 276 निगेटिव तथा सीओ कोरोना सेल सहित 68 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 47 शहर के हैं। इस तरह से जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर अब 1275 हो गई है। हालांकि इसमें से 670 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और अब तक 30 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। 575 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की।
महराजगंज में तीन और नए केस
महराजगंज जिले में कोरोना मरीजों की संख्या के बढ़ने का सिलसिला जारी है। बुधवार को तीन और कोरोना पाॅजिटिव मरीज पाए गए हैं। इस प्रकार जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 388 हो गई है। इसमें अब तक छह की मौत हो चुकी है। जबकि 250 मरीजों के स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया है। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 132 हो गई है।
सिद्धार्थनगर में कोरोना के चार नए केस, अब तक 456 संक्रमित
सिद्धार्थनगर में कोरोना संक्रमण का ग्राफ जिले में तेजी से फैलता जा रहा है। बुधवार की 267 रिपोर्ट की रिपोर्ट आई। इसमें से चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिलें हैं। जबकि 263 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस तरह से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 456 हो गई है। हालांकि इसमें से 278 लोग ठीक हुए हैं। अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ कार्यालय के अनुसार जिन चार लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आईं है, उनमें शोहरतगढ़ के वार्ड 10 की निवासी 48 वर्षीय महिला व 50 वर्षीय पुरुष संक्रमित मिले हैं। खेसरहा सीएचसी पर तैनात एक 23 वर्षीय स्वास्थ्यकर्मी भी पॉजिटिव मिला है। डुमरियागंज निवाड़ी 25 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। सभी संक्रमित के संपर्क में आने पर पॉजिटिव हुए हैं।
संत कबीरनगर में स्वास्थ्य कर्मी समेत 10 नये कोरोना पॉजिटिव मिले
बुधवार को संतकबीर नगर के 210 सैंपल की रिपोर्ट जारी की गई। इसमें 200 निगेटिव जबकि स्वास्थ्य कर्मी व उनके पिता समेत 10 नये कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 20 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 576 हो गई है। बढ़ती संख्या से जनपद के लोगों में कोरोना के प्रति भय बढ़ता जा रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बघौली में तैनात 38 वर्षीय कुष्ठ रोग सहायक व उनके पिता समेत 10 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन सभी पाॅजिटिव मरीजों को उपचार के लिए सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद के कोरोना एल वन वार्ड में भर्ती किया जाएगा।
बस्ती के कैली हास्पिटल से चार तथा इस जनपद के सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद के कोरोना वार्ड से 16 कुल 20 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। अब तक 18,338 स्वाब के सैंपल की जांच कराई गई है। इसमें 16,251 निगेटिव और 576 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक आठ लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि कोरोना वार्ड में भर्ती रहे 398 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। वहीं 170 पाॅजिटिव मरीजों का कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।