गोरखपुर के टॉप-टेन अपराधियों की सूची जारी, जानें-कौन है एक नंबर का अपराधी Gorakhpur News
गोरखपुर में पिपरौली ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह शातिर प्रदीप सिंह विनोद उपाध्याय और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश राघवेन्द्र यादव का नाम टॉप टेन अपराधियों की सूची में हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। जिले के टॉप 10 बदमाशों की सूची को पुलिस ने अपडेट किया है। पुलिस की तरफ से जारी हुई सूची में पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत शाही के अलावा माफिया राकेश यादव, सुभाष शर्मा, सत्यव्रत राय, राधेश्याम यादव उर्फ राधे और शैलेन्द्र प्रताप सिंह का नाम जोड़ा गया है।
कानपुर के चौबेपुर इलाके में आठ पुलिसकर्मियों के बलिदान होने के बाद पूरे प्रदेश में बदमाशों की नकेल कसी जा रही है। जिलेवार टॉप-10 बदमाशों की सूची अपडेट की जा रही है। गोरखपुर पुलिस ने भी सूची अपडेट की है। इस लिस्ट में भी पिपरौली ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह के अलावा शातिर प्रदीप सिंह, विनोद उपाध्याय और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश राघवेन्द्र यादव का नाम शामिल है। इसके साथ राजनीति से चोली दामन का साथ रखने वाले पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत शाही, राकेश यादव, सुभाष शर्मा, सत्यब्रत राय, राधेश्याम यादव उर्फ राधे और शैलेन्द्र प्रताप सिंह का नाम अपडेट लिस्ट में शामिल है।
पुरानी सूची से हटा इनका नाम
नवंबर 2019 में बनाई गई सूची में रविन्द्र ढाढ़ी, अयोध्या जायसवाल, बलिराम तिवारी, हरिकृष्ण मिश्रा, मनीष साहनी और मुजम्मिल उर्फ बाबू शेख का नाम शामिल था। रविंद्र ढाढ़ी की नवम्बर माह में हत्या हो गई। बुधवार को अपडेट हुई सूची इनका नाम टॉप 10 बदमाशों की सूची से हटा दिया गया।
जेल में है सत्यव्रत और सुभाष
टाप 10 अपराधियों की सूची में शामिल दो बदमाश जेल में और दो फरार हैं। इसके अलावा सभी जमानत पर हैं। बदमाश सुभाष शर्मा लखीमपुर खीरी और सत्यब्रत राय बुलंदशहर की जेल में है। वहीं झंगहा का चार हत्याओं का आरोपित राघवेन्द्र यादव और माफिया राकेश यादव फरार चल रहा है। राघवेन्द्र पर पुलिस ने एक लाख तो राकेश पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ है।
ये है टॉप 10 अपराधियों की सूची
टाप 10 अपराधियों की सूची में राघवेंद्र यादव सुगहा झंगहा, शैलेन्द्र प्रताप सिंह बहादुरपुर बुजुर्ग बेलघाट, राकेश यादव, झुंगिया बाजार गुलरिहा, राधेश्याम यादव उर्फ राधे धसका बांसगांव, सत्यव्रत राय सिंचाई विभाग रेलवे कॉलोनी कैंट, सुभाष शर्मा बसडीला खजनी, अजीत शाही बेेतियाहाता कैंट, प्रदीप सिंह मल्हीपुर गीडा, सुधीर सिंह आदर्शनगर शाहपुर और विनोद उपाध्याय धर्मशाला गोरखनाथ शामिल हैं।
सभी पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई
इस संबंध में एसएसपी डा. सुनील गुप्त का कहना है कि टाप 10 बदमाशों की सूची अपडेट हो गई है। क्राइम ब्रांच के साथ ही स्थानीय पुलिस बदमाशों के साथ ही गिरोह से जुड़े लोगों की निगरानी कर रही है। साथ ही इन सभी अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।