विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा-कानून व्यवस्था की गिरावट का नमूना है कानपुर की घटना Gorakhpur News
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि ठोंक दो दाग दो मार दो। दुर्भाग्य कि अपराधियों ने ही पुलिस को ठोंक दिया। यह सरकार अपराधियों का संरक्षण देने काम करती है।
गोरखपुर, जेएनएन। विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं सपा नेता माता प्रसाद पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सिद्धार्थनगर जिला पार्टी कार्यालय में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में सर्वप्रथम शहीद पुलिस कर्मियों को उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद कहा कि सरकार की कानून व्यवस्था की गिरावट का नमूना कानपुर की घटना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि ठोंक दो, दाग दो, मार दो। दुर्भाग्य कि अपराधियों ने ही पुलिस को ठोंक दिया। यह सरकार अपराधियों का संरक्षण देने काम करती है।
सरकार की लापरवाही से गांव-गांव फैल रहा कोराेना संक्रमण
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण पर कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते गांव-गांव वायरस फैल गया है। लॉकडाउन के समय पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाया, मगर अब सरकार अपनी ही गाइडलाइन का पालन नहीं करा पा रही है। बरसात से पहले प्रवासियों को मनरेगा में काम दिया गया, परंतु बारिश के बाद इनको रोजगार देने की कोई योजना नहीं बनाई गई। राजनैतिक भ्रष्टाचार का आलम है कि मोदी किट भाजपा कार्यकर्ता बांट रहे हैं, जबकि इसका वितरण सरकारी कर्मचारियों से कराना चाहिए था। गांव-गांव जहां सौ-दो सौ प्रवासी आए हैं, वहां केवल 10-15 को ही राशन किट दी जा रही है।
थाना और तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर
थाना व तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर है। छोटे-छोटे मामले में पुलिस वसूली करती है। दो पक्षों में सुलह हो जाए, तब भी धनउगाही की जाती है। भाजपा कार्यकर्ता थाना चला रहे हैं। बारिश को देखते हुए बाढ़ की संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन बांध की मरम्मत पर ध्यान नहीं जा रहा है, बल्कि बांध मरम्मत के नाम बड़ी रकम बंदरबांट कर ली गई। बिजली सहित इटवा में जो विकास कार्य हो रहे हैं, वह पूर्व में उनके कार्यकाल के दौरान शुरू योजना पर हो रहे हैं। इस सरकार में नया कुछ भी नहीं हुआ है।