कुशीनगर में बरातियों से भरी अनियंत्रित बस व ट्रैक्टर-ट्राली में भिड़ंत, एक दर्जन घायल- दो गंभीर
कुशीनगर के कप्तानगंज में मंगलवार देर रात बरातियों से भरी अनियंत्रित बस ट्रैक्ट्रर टाली से टकराने के बाद पलट गई। बस में कुल बीस लोग सवाल थे। इसमें कई लोग घायल हो गए। दो की स्थिति गंभीर है।
कुशीनगर, जागरण संवाददाता। कुशीनगर के कप्तानगंज में मंगलवार देर रात बरातियों से भरी अनियंत्रित बस पलट गई। करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बचाया गया। घटना रात साढ़े नौ बजे की है।
ऐसे हुई दुर्घटना
कप्तानगंज के इंदरपुर के पास परतावल मार्ग पर मंगलवार रात बरातियों से भरी मिनी बस ट्रैक्टर ट्राली से जा भिड़ी, जिससे बस सवार बीस लोगों में से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत गंभीर बताते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बारात हाटा क्षेत्र से कप्तानगंज के सिसवा शुक्ल जा रही थी। बस में 20 लोग सवार थे। कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसमें दो की स्थिति गंभीर है।
जोरदार टक्कर से मची अफरातफरी
हाटा के पोखरभिंडा से जा रही बरात कप्तानगंज परतावल मार्ग पर इंदरपुर के पास पहुंची कि बस एकाएक अनियंत्रित हो सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। टक्कर इतना तेज था कि ट्रैक्टर तथा बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस सवार पांच लोग घायल हो गए। चीख पुकार मच गई।
यह हुए घायल
शोर सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने घायल 13 वर्षीय अंकित, 42 वर्षीय वकील सिंह, 35 वर्षीय अमरिंदर सिंह, 55 वर्षीय बालेश्वर प्रसाद व 65 वर्षीय बाबूलाल सहित सवार सभी बराती निवासी पोखरभिंडा थाना कोतवाली हाटा को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद बालेश्वर व बाबूलाल को जिला अस्पताल भेज दिया गया। अन्य घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। देर रात तक ट्रैक्टर चालक की जानकारी नहीं हो पाई। दुर्घटना की सूचना पर एसएचओ अनिल उपाध्याय मौकै पर पहुंचे और जानकारी ली।